शिल्पा ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा, "हम किसी को सफाई देने के लिए बाध्य नहीं हैं। मौजूदा हालात के हिसाब से फ्रेंचाइजी टीमों ने युक्तिसंगत फैसला लिया है और इसके पीछे के कारणों को भी समझा जा सकता है। हम चाहते हैं कि लोग और मीडिया इस मुद्दे को संवेदना के साथ लें।"
शिल्पा ने कहा कि फ्रेंचाइजी टीमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय सुरक्षा मुहैया कराने की स्थिति में नहीं थीं और यही कारण है कि उनके लिए बोली नहीं लगाने का फैसला किया गया।
शिल्पा ने कहा, "हम चाहते थे कि पाकिस्तानी खिलाड़ी तीसरे संस्करण में हिस्सा लें लेकिन उनके भारत आने के कारण सुरक्षा संबंधी चिंता बढ़ जाती। हम इस मुद्दे को लेकर गंभीर थे और यही कारण है कि किसी तरह का जोखिम नहीं लेते हुए हमने उनके लिए बोली नहीं लगाने का फैसला किया।"
एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने यहां पहुंचीं किंग्स इलेवन पंजाब की सहमालिक और अभिनेत्री प्रीटी जिंटा ने कहा कि पाकिस्तान ने इस मुद्दे को सनसनीखेज बना दिया है।
बकौल प्रीटी, "पाकिस्तान ने इस मुद्दे को बिना मतलब के तूल दिया है। मैं अपने देशवासियों से आग्रह करती हूं कि वे इस मामले को लेकर संवेदनापूर्ण ढंग से बर्ताव करें।"
इस अवसर पर आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी ने कहा कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों के खिलाफ किसी प्रकार का षड़यंत्र नहीं किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*