हॉकी विश्व कप के अपने पहले ही मैच में भारत ने पाकिस्तान को 4-1 से हराकर अपने अभियान की धमाकेधार शुरुआत की है.
दिल्ली में खेले गए मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और पूरे मैच में पाकिस्तान पर दवाब बनाए रखा. संदीप सिंह ने भारत के लिए दो गोल किए.
भारत की ओर से पहला गोल शिवेंद्र सिंह ने 27वें मिनट में किया. 30वें मिनट में पाकिस्तान के पास बराबरी करने का एक मौका था लेकिन सोहेल अब्बास इसका फ़ायदा नहीं उठा पाए.
इसके थोड़ी देर बाद 35वें मिनट में संदीप सिंह ने गोल कर भारत को 2-0 से बढ़त दिला दी.
बेहतरीन खेल
2-0 की बढ़त मिलने के बाद से ही भारत के हौसले बुलंद थे. तीसरा गोल प्रभजोत सिंह ने दूसरे हाफ़ की शुरुआत में किया.
पाकिस्तान को भी एक कार्नर मिला लेकिन पाकिस्तानी टीम दुर्भाग्यशाली रही क्योंकि गेंद गोल से टकराकर लौट आई.
दूसरे हाफ़ में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को आख़िरकर भारत पर एक गोल दागने का मौका मिला. लेकिन मैच अंतत भारत के ही नाम रहा.
हॉकी वर्ल्ड कप को देखते हुए कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए गए थे.
पाकिस्तान अब तक चार बार विश्व कप जीत चुका है जबकि भारत ने 1975 में विश्व कप जीता था