मेलबर्न, 9 जनवरी (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज शॉन टेट का कहना है कि वह टेस्ट और एकदिवसीय की बजाय ट्वेंटी-20 क्रिकेट ही प्राथमिकता देंगे।
टेट ने कहा कि ट्वेंटी-20 में खेलने से वह लंबे समय तक इस खेल में बने रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि टेस्ट या एकदिवसीय क्रिकेट में खेलने से चोटिल होने की आशंका बढ़ जाती है और ऐसे में लंबा करियर बना पाना असंभव होता है।
स्थानीय समाचार पत्र 'द डेली टेलीग्राफ' के अनुसार टेट ने कहा, "मैंने पहले भी कहा था कि ट्वेंटी-20 क्रिकेट खेलने का मेरा फैसला सही था। इस समय मैं टेस्ट या एकदिवसीय मैच की ओर रुख नहीं करना चाहता।"
चोटिल होने की वजह से टेट लंबे समय से आस्ट्रेलियाई टीम से बाहर चल रहे हैं। वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी खेलने की तैयारी कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।