यूसुफ ने एक साक्षात्कार में कहा कि लोगों को यह उम्मीद छोड़ देनी चाहिए कि पाकिस्तानी टीम टेस्ट मैचों में अच्छी टीमों के खिलाफ कोई चमत्कार करेगी। आस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में पाकिस्तान का प्रदर्शन लचर रहा है और श्रृंखला में वह 2-0 से पीछे है।
यूसुफ ने कहा, "अगर आप पाकिस्तान की इस टीम से कुछ उम्मीद करते हैं तो आप गलत हैं। आपको यह देखना पड़ेगा कि हम कहां और किस टीम के खिलाफ खेल रहे हैं। हमारी टीम के पास विश्व स्तर के गेंदबाज नहीं है। ज्यादातर बल्लेबाज 30 वर्ष से कम हैं। ऐसे में आप कैसे उम्मीद कर सकते हैं कि हम आस्ट्रेलिया जैसी टीम को उसी के देश में हरा दें?"
उन्होंने कहा, "बीते वर्षो में पाकिस्तान की कई टीमें आस्ट्रेलिया आईं, लेकिन किसी ने भी ऐसा प्रदर्शन नहीं किया था जैसा हमने किया है। यह सही है कि हम श्रृंखला हार गए लेकिन सिडनी टेस्ट में हम जीत के करीब पहुंच गए थे।"
यूसुफ ने कहा कि टीम में सुधार के लिए कई ठोस कदम उठाने की जरूरत हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग प्रथम श्रेणी के क्रिकेट से जुड़े हैं उन्हें यह इस बात पर गौर करना चाहिए कि वे क्या कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।