बुधवार को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर सकते हैं ब्रेट ली
ऐसा माना जा रहा है कि अपने अच्छे दोस्त और इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी एंड्रयू फ्लिंटॉफ की सलाह पर ली ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला कर लिया है।
समाचार पत्र 'सिडनी मार्निग हेराल्ड' के मुताबिक कोहनी की चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे ली को फ्लिंटॉफ ने समझाया है कि वह टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेकर एकदिवसीय तथा ट्वेंटी-20 मैचों पर ध्यान केंद्रित करें।
पत्र के मुताबिक, "फ्लिंटॉफ ने ली से कहा कि वह जितनी जल्दी हो सके टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लें। अपने अच्छे दोस्त की सलाह पर ली बुधवार को इसकी औपचारिक घोषणा कर सकते हैं।"
चोट से परेशान फ्लिंटॉफ खुद टेस्ट मैचों से संन्यास ले चुके हैं। वह एकदिवसीय और ट्वेंटी-20 मैचों में अपने देश का प्रतिनिधित्व करना जारी रखे हुए हैं। फ्लिंटॉफ ने 2009 एशेज श्रृंखला के बाद संन्यास लिया था।
दूसरी ओर, 1999 में अपना पहला टेस्ट मैच खेलने वाले ली ने 76 टेस्ट मैचों में 310 विकेट लिए हैं लेकिन 12 वर्ष के करियर के दौरान उन्हें 13 मौकों पर सिर्फ चोट के कारण टीम से बाहर रहना पड़ा है।
ली आस्ट्रेलिया के चौथे सबसे सफल गेंदबाज हैं। उनसे ऊपर शेन वार्न (708), ग्लेन मैक्ग्राथ (563) और डेनिस लिली का नाम है। 2005 में 160.8 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद फेंकने वाले ली को विश्व क्रिकेट के सबसे तेज गेंदबाजों में एक माना जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications