नारंग के अलावा संजीव राजपूत ने रजत पदक जीता। नारंग ने 10 मीटर की एयर राइफल सिंगल्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 699.5 अंक जुटाए। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2005 में आस्ट्रेलिया में इसी स्पर्धा में 699.7 अंक हासिल किए थे।
राजपूत ने 694.8 अंक हासिल करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा का कांस्य पदक इंग्लैंड के हकल जेम्स ने जीता। उन्होंने 694 अंक हासिल किए।
पेयर्स स्पर्धा में नारंग के साथ स्वर्ण जीतने वाले भारतीय निशानेबाज पी. टी. रघुनाथ यहां पदक जीतने से चूक गए। वह 693.2 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे।
भारतीय कोच सनी थॉमस ने कहा कि वह नारंग के प्रदर्शन से बहुत खुश हैं लेकिन रघुनाथ के प्रदर्शन से उन्हें निराशा हुई। नारंग ने दूसरा स्वर्ण जीतने पर खुशी जाहिर की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।