सांस रोके आईपीएल में अपनी किस्मत का फैसला देख रहा था : मोर्गन
काउंटी क्लब मिडिलसेक्स के लिए खेलने वाले आयरलैंड के खिलाड़ी मोर्गन ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं। मैं इंटरनेट पर नीलामी प्रक्रिया देख रहा था। मेरा नीलामी प्रक्रिया देखने का इरादा नहीं था लेकिन अपने एक साथी के कहने के कारण मैं अपने पूल की नीलामी से 15 मिनट पहले घर पहुंच गया था।"
बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स टीम में मोर्गन के साथ इंग्लैंड टीम के उनके साथी बल्लेबाज केविन पीटरसन भी होंगे। मोर्गन इस बात को लेकर हैरान हैं कि पाकिस्तान की ट्वेंटी-20 टीम के कप्तान शाहिद अफरीदी जैसे दिग्गज खिलाड़ी को कोई खरीददार नहीं मिला।
उन्होंने कहा, "पूरी प्रक्रिया के दौरान मैं सांस रोके हुए था। यह किसी चैम्पियनशिप के प्रबंधक जैसे अपनी टीम को खेलते देखने जैसा था। अफरीदी के लिए खरीददार नहीं मिलने से मैं हतप्रभ हूं। उनके लिए बोली नहीं लगने के बाद मैं खुद को लेकर निराश हो गया था लेकिन जैसे ही बेंगलोर टीम ने मेरे लिए बोली लगाई, मेरी उम्मीद बढ़ गई।"
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को मुंबई के ट्राइडेंट होटल में हुई नीलामी में वेस्टइंडीज के हरफनमौला खिलाड़ी केरॉन पोलार्ड और न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज शेन बांड के लिए सबसे अधिक 750,000 डॉलर की बोली लगी जबकि वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज केमार रॉच 720,000 डॉलर, दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी वायने पार्नेल 610,000 डॉलर और भारतीय खिलाड़ी मोहम्मद कैफ 250,000 डॉलर का करार हासिल करने में सफल रहे।
पोलार्ड को मुंबई इंडियंस टीम ने खरीदा जबकि बांड को कोलकाता नाइट राइडर्स टीम ने अपने साथ जोड़ा। रॉच मौजूदा चैम्पियन डेक्कन चार्जर्स के साथ करार करने में सफल रहे और कैफ को किंग्स इलेवन पंजाब ने उम्मीद से अधिक दिया।
मोर्गन को रॉयल चैलेंजर्स ने 220,000 डॉलर में खरीदा। इसके अलावा राजस्थान रॉयल्स ने आस्ट्रेलिया के डेमियन मार्टिन के साथ 100,000 डॉलर में अपने साथ जोड़ा। मोर्गन की आधार कीमत दो लाख डॉलर थी जबकि मार्टिन के लिए यह कीमत एक लाख डॉलर ही तय की गई थी।
चेन्नई सुपर किंग्स ने श्रीलंका के खिलाड़ी थिसिरा परेरा को 50,000 डॉलर पर अपने साथ जोड़ा जबकि इसने दक्षिण अफ्रीकी हरफनमौला खिलाड़ी जस्टिन केंप के साथ 100,000 डॉलर का करार किया। राजस्थान रॉयल्स ने आस्ट्रेलिया के एडम वोग्स के साथ 50, 000 डॉलर में करार किया और किंग्स इलेवन पंजाब ने दक्षिण अफ्रीका के ही यूसुफ अब्दुल्ला को 20,000 डॉलर में अपने साथ जोड़ा।
ट्वेंटी-20 क्रिकेट की इस सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए लगाई जाने वाली बोली की प्रक्रिया को 'खेल जगत की सबसे बड़ी नीलामी' करार दिया था। इस नीलामी के अंतर्गत 13 उपलब्ध स्थानों के लिए कुल 67 खिलाड़ियों के लिए बोली लगाई गई। इसमें मोहम्मद कैफ के रूप में एक भारतीय भी मौजूद था। पाकिस्तान के कुल 11 खिलाड़ी मैदान में थे लेकिन आठ में से एक भी फ्रेंचाइजी टीम ने उन्हें अपने साथ जोड़ने की इच्छा नहीं जाहिर की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications