Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

कोहली का शतक, भारत जीता (लीड-10)

मीरपुर (बांग्लादेश), 11 जनवरी (आईएएनएस)। मध्यक्रम के बल्लेबाज विराट कोहली की 102 रनों की शानदार शतकीय पारी की बदौलत भारत ने त्रिकोणीय श्रृंखला के अंतर्गत शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में सोमवार को खेले गए आखिरी लीग मुकाबले में बांग्लादेश को छह विकेट से पराजित कर दिया।

बांग्लादेश की ओर से रखे गए 248 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने चार विकेट गंवाकर 42 गेंदे शेष रहते ही यह मैच जीत लिया। कोहली को उनकी शानदार शतकीय पारी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' के पुरस्कार से नवाजा गया। कोहली ने अपनी इस पारी के दौरान 95 गेंदों का सामना किया और मैदान के चारों ओर शॉट लगाए। उन्होंने 11 चौके जड़े और अंत तक नाबाद रहे।

कोहली ने गौतम गंभीर के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 23, युवराज सिंह के साथ तीसरे विकेट के लिए 46, कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के साथ चौथे विकेट के लिए 68 और सुरेश रैना के साथ पांचवें विकेट के लिए 48 रनों का महत्वपूर्ण साझेदारियां की।

विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक के रूप में भारत का पहला विकेट गिरा। भारतीय पारी के 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर 34 रन बनाने के बाद वह सैफुल इस्लाम की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। कार्तिक के आउट होने को लेकर संदेह था, इसलिए अंपायर साइमन टौफेल ने अपने साथी अंपायर से सलाह करने के बाद इसका फैसला तीसरे अंपायर पर छोड़ा।

तीसरे अंपायर ने रीप्ले देखने के बाद कार्तिक को आउट करार दिया। कार्तिक ने 39 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके और एक छक्का लगाया। कार्तिक के आउट होने के बाद उनका स्थान लेने आए विराट कोहली ने शानदार शतकीय पारी खेली और भारत की जीत में अपना बहुमूल्य योगदान दिया।

इसी बीच टीम का स्कोर जब 87 रन पर पहुंचा तो गंभीर के रूप में भारत को दूसरा झटका लगा। 41 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर वह चलते बने। गंभीर ने 46 गेंदों का सामना किया।

युवराज के रूप में भारत को तीसरा झटका लगा। उन्हें नईम इस्लाम ने पगबाधा आउट किया। युवराज ने 25 गेंदों का सामना किया और एक चौके की मदद से 13 रन बनाए। युवराज के आउट होने के बाद धौनी खुद मैदान पर आए। वह कोहली के साथ मिलकर संभल-संभल कर खेल रहे थे लेकिन 32 के निजी स्कोर पर वह भी चलते बने। उन्होंने कोहली के साथ चौथे विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी की।

धौनी के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए रैना ने पहली ही गेंद को सीमा रेखा के पार भेजकर अपना इरादा जाहिर कर दिया। कोहली के साथ मिलकर उन्होंने भारत को जीत दिलाई। रैना ने 18 गेंदों पर 18 रन बनाए। उन्होंने इस मैच में एकदिवसीय मैचों में 2000 रनों का आंकड़ा पार किया।

बांग्लादेश की ओर से इस्लाम अब तक सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने भारत के दो खिलाड़ियों को चलता किया जबकि शफिउल इस्लाम ने भारत के एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले, कप्तान सकीबुल हसन (85) की साहसिक पारी तथा महमुदुल्लाह (नाबाद 64) की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत बांग्लादेशी टीम भारतीय टीम के सामने 248 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखने में सफल रही।

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने खराब शुरुआत से उबरते हुए कप्तान सकीबुल, महमुदुल्लाह, नईम इस्लाम और रकीबुल हसन की उम्दा बल्लेबाजी की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में छह विकेट पर 247 रन बनाए। एक समय लग रहा था कि मेजबान टीम 150 रनों का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाएगी लेकिन उसके बल्लेबाजों की दिलेरी ने उसे सम्मानजनक योग तक पहुंचा दिया।

सकीबुल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 97 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 85 रन बनाए जबकि रकीबुल ने 46 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 28 रनों का योगदान दिया। कप्तान के साथ बहुमूल्य साझेदारी करने वाले महमुदुल्लाह 80 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 64 रन बनाकर नाबाद लौटे।

नईम ने 14 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 22 रनों की नाबाद पारी खेली। भारत की ओर से आशीष नेहरा ने दो विकेट लिए जबकि सुदीप त्यागी, शांताकुमारन श्रीसंत और युवराज सिंह को एक-एक सफलता मिली।

बांग्लादेश टीम ने 40 ओवरों की समाप्ति तक पांच विकेट खोकर 150 रन बनाए थे। इसके बाद सकीबुल, नईम और महमुदुल्लाह ने अंतिम 10 ओवरो में 97 रन जोड़े। 95 रन के कुल योग पर पांचवां विकेट गिरने के बाद पारी को संवारने का दारोमदार अपने कंधों पर लेने वाले कप्तान सकीबुल ने शानदार अर्धशतक लगाया और अपनी टीम को 200 रनों के पार ले गए।

201 रन के कुल योग पर सकीबुल आशीष नेहरा की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद मेजबान टीम ने एक भी विकेट नहीं गंवाया। बांग्लादेश ने सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल के रूप में अपना तीसरा विकेट गंवाया था जबकि रकीबुल 28 रन बनाकर चौथे विकेट के रूप में पेवेलियन लौटे। मुश्फिकुर रहीम सात रन बनाकर पांचवें बल्लेबाज के तौर पर विदा हुए थे।

इससे पहले, मेजबान टीम ने इमरुल कायेस (9) और मोहम्मद अशरफुल (4) के विकेट गंवाए थे। कायेस को सुदीप त्यागी ने विराट कोहली के हाथों कैच कराया जबकि अशरफुल को शांताकुमारन श्रीसंत ने बोल्ड किया। बांग्लादेश टीम का पहला विकेट 10 और दूसरा 15 रन के कुल योग पर गिरा। तमीम को आशीष नेहरा ने 60 रन के कुल योग पर पेवेलियन की राह दिखाई। रकीबुल का विकेट 67 और मुश्फिकुर का विकेट 95 रन पर गिरा।

भारतीय टीम रविवार को अपने तीसरे लीग मैच में श्रीलंका को हराकर फाइनल में पहुंच चुकी है। भारतीय टीम ने अब तक चार मैच खेले हैं, जिनमें से तीन में उसकी जीत हुई है। उसने श्रीलंका को एक बार और बांग्लादेश को दो बार हराया है जबकि एक बार श्रीलंका के हाथों उसकी हार हुई है।

श्रीलंकाई टीम तीन शुरुआती मैच जीतकर पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी थी। इस लिहाज से भारत के लिए यह मैच एक तरह से अभ्यास जैसा था। इस मैच के लिए भारतीय टीम ने अनुभवी तेज गेंदबाज जहीर खान को आराम देते हुए आशीष नेहरा से गेंदबाजी कराने का फैसला किया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:29 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+