श्रीलंका के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करती हुई मेजबान बांग्लादेश की टीम ने 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 260 रन बनाए थे। इसके जवाब में खेलने उतरी श्रीलंका की टीम ने सलामी बल्लेबाज उपुल थरंगा, दिलशान और कप्तान कुमार संगकारा के विकेट गंवाकर 261 रनों का लक्ष्य पूरा किया। दिलशान को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।
दिलशान और संगकारा ने श्रीलंका की जीत में अहम भूमिका निभाई। दिलशान ने शानदार 104 रन बनाए। इस पारी के दौरान उन्होंने 122 गेंदों का सामना किया और 12 चौके लगाए। वह श्रीलंकाई पारी के 42 वें ओवर में आउट हुए। उन्हें महमुदुल्लाह ने आउट किया।
संगकारा ने भी श्रीलंका के लिए 74 रनों की उपयोगी पारी खेली। उन्होंने तिलकरत्ने के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम की जीत का मार्ग प्रशस्त किया। थिलान समरवीरा ने श्रीलंका के लिए 41 और थरंगा ने 14 रन बनाए। समरवीरा अंत तक नाबाद रहे जबकि थरंगा को रूबेल हुसैन ने आउट किया।
बांग्लादेश की ओर से शफिउल इस्लाम, रूबेल हुसैन और महमुदुल्लाह ने एक-एक विकेट हासिल किए।
इससे पहले, श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरे मेजबान बांग्लादेश के दोनों सलामी बल्लेबाजों तमीम इकबाल और इमरुल कायेश ने टीम को अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 65 रन जोड़े। उनकी जोड़ी टूटने के बाद एक बार तो मेजबान टीम मुश्किल में आ गई लेकिन मोहम्मद अशरफुल और महमुदुल्लाह ने संभलकर खेलते हुए अपनी टीम को मुश्किलों से उबारा।
बांग्लादेश को पहला झटका कायेश के रूप में लगा। वह 23 रन बनाकर आउट हुए। उनके बाद इकबाल भी 40 रन जोड़कर पेवेलियन लौट गए। रकीबुल हसन और शाकिब अल हसन भी सस्ते में निपट गए। ये दोनों सुरंगा लकमल का शिकार बने।
इसके बाद मुशफीकुर्रहीम और मोहम्मद अशरफुल ने संभलकर बल्लेबाजी की। दोनों के बीच 58 रनों की साझेदारी हुई। 32वें ओवर में रहीम भी चलते बने। बांग्लादेश को यह पांचवां झटका था। उस वक्त टीम का स्कोर 132 रन था।
रहीम के बाद बल्लेबाजी करने आए महमुदुल्लाह ने अशरफुल का अच्छा साथ निभाया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी हुई।
अशरफुल ने बांग्लादेश की ओर से सर्वाधिक 75 रन बनाए। उन्होंने 94 गेंदों का सामना किया और छह चौके लगाए। महमुदुल्लाह ने 45 रनों का योगदान दिया। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने तीन चौके तथा एक छक्का जड़ा।
श्रीलंका की ओर से लकमल और एस. रंदीव सबसे सफल गेंदबाज रहे। दोनों ने दो-दो विकेट लिए। नुआन कुलसेकरा और तिलकरत्ने दिलशान को एक-एक विकेट मिला।
इस श्रृंखला में श्रीलंका और बांग्लादेश के अलावा तीसरी टीम भारत है। भारत का पहला मैच मंगलवार को श्रीलंका के साथ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।