सोमवार को मेलबर्न पार्क में मिली जीत के साथ पेस और उनके जोड़ीदार चेक गणराज्य के लुकास डुल्ही की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी पुरुषों के युगल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पेस-डुल्ही ने अमेरिका के जॉन इश्नर और सैम क्वेरे की जोड़ी को 6-3, 7-5 से हराकर अंतिम-8 दौर में जगह पक्की की। पेस और डुल्ही छठी बार ग्रैंड स्लैम के अंतिम-8 दौर में पहुंचे हैं।
पेस के लिए सोमवार को दोहरी खुशी का दिन रहा। वह अपनी जोड़ीदार जिंबाब्वे की कारा ब्लैक के साथ मिश्रिय युगल वर्ग के तीसरे दौर में भी पहुंचने में सफल रहे। पेस और ब्लैक की सर्वोच्च वरीय जोड़ी ने उजबेकिस्तान की एग्कुल एमनमुद्रादोवा और दक्षिण अफ्रीका के रिक डी बोएस्ट की जोड़ी को सीधे सेटों में 6-4, 6-2 से हराया।
पुरुषों के युगल वर्ग में भारत के एक अन्य दिग्गज महेश भूपति और उनके जोड़ीदार बेलारूस के मैक्स मिर्नी की चुनौती समाप्त हो चुकी है। भूपति और मिर्नी पहले ही दौर में हार गए थे।
बीते गुरुवार को मेलबर्न पार्क स्टेडियम में भूपति और मिर्नी की चौथी वरीय जोड़ी को जर्मनी के माइकल कोल्हमैन और फिनलैंड के जार्को नेमिनेन के हाथों हार मिली थी। इसके अलावा भारत के सोमदेव देवबर्मन और प्रकाश अमृतराज तथा भारतीय डेविस कप टीम के सदस्य रोहन बोपन्ना और पाकिस्तान के अहसाम उल हक कुरैशी की जोड़ी भी इस वर्ग में अपनी चुनौती गंवा चुकी है।
बालिका वर्ग के युगल मुकाबलों में भारत की रिशिका सुनकरा और जापान की युकी इटो की जोड़ी पहले दौर में हार गई। रिशिका और युकी को जर्मनी की एना लीना फ्रीडसैम और डेनमार्क की मेयी ग्रेज ने 7-6(5), 2-6, (6-10) से हराया। बालकों के युगल मुकाबलों में भारत के वैदिक मुनशॉ और चीन के चुहान वांग को भी हार का सामना करना पड़ा है। चुहान और वैदिक को चीनी ताइपे के लियां चीन हुआंग और जापान के यासुताका उचियामा की जोड़ी ने पहले दौर में 6-2, 7-6 से हराया।
उधर, जोकोविक और डेवीडेंको ने पुरुषों के एकल वर्ग के अंतिम-8 दौर में जगह पक्की कर ली है। पोलैंड के खिलाड़ी लुकास कुबोटोंडे को 6-1, 6-2, 7-5 से हराने के साथ जोकोविक ने अपने दूसरे आस्ट्रेलियन ओपन खिताब की ओर एक और सफल कदम बढ़ा लिया है। विश्व के तीसरे वरीयता प्राप्त खिलाड़ी जोकोविक ने मेलबर्न पार्क में अब तक 18 जीत हासिल की है। ग्रैंड स्लैम मुकाबलों में यह उनकी 70वीं जीत है। मेलबर्न पार्क में उन्हें अब तक चार बार हार का सामना करना पड़ा है।
दूसरी ओर, अंतिम-8 दौर में जगह बनाने के लिए डेवीडेंको ने पिछले वर्ष मेलबर्न पार्क में सेमीफाइनल तक का सफर तय करने वाले स्पेन के फर्नाडो वर्दास्को को कड़े संघर्ष के बाद पराजित किया। पिछले छह महीनों में एटीपी सर्किट में सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले डेवीडेंको ने सोमवार को पांच सेट तक चले कड़े मुकाबले में वर्दास्को को 6-2, 7-5, 4-6, 6-7, 6-3 से हराया।
महिला वर्ग में चीन की खिलाड़ी ली ना भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। ली ने डेनमार्क की केरोलिन वोजनिएस्की को सीधे सेटों में 6-4, 6-3 से पराजित किया। विश्व की 17वीं वरीय खिलाड़ी ली ने अमेरिकी ओपन फाइनल खेलने वाली वोजनिएस्की को एक भी मौके पर खुद पर हावी नहीं होने दिया। यही कारण है कि अपने आक्रामक खेल के लिए मशहूर वोजनिएस्की सिर्फ तीन विनर्स लगा सकीं।
अगले दौर में ली का सामना अमेरिका की वीनस विलियम्स से होगा। वीनस ने इटली की खिलाड़ी फ्रांसिस्का शियावोन को कड़े संघर्ष के बाद 3-6, 6-2, 6-1 से हराया। ली और वीनस के बीच इससे पहले एक भिड़ंत हो चुकी है। ली उसमें विजेता रही थीं। यह मुकाबला बीजिंग ओपन के क्वार्टर फाइनल में दो साल पहले हुआ था। ली पिछले साल अमेरिकी ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंची थीं। इसके अलावा वह 2006 में विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में भी पहुंची थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।