रणजी ट्रॉफी फाइनल : मुंबई के गेंदबाजों ने कनार्टक को झकझोरा
भोजनकाल तक मुरलीधरन गौतम 10 रन बनाकर नाबाद थे जबकि गेंदबाजी के दौरान अपनी प्रतिभा की चमक दिखाने वाले अभिमन्यु मिथुन ने खाता नहीं खोला था। कर्नाटक की टीम ने पहले दिन की समाप्ति तक एक विकेट के नुकसान पर 15 रन बनाए थे।
मुंबई की ओर से आभिषेक साल्वी ने तीन विकेट चटकाए हैं जबकि अजीत अगरकर, धवल कुलकर्णी और अभिषेक नायर ने एक-एक विकेट चटकाया है। कर्नाटक का एक बल्लेबाज रन आउट हुआ है।
कर्नाटक ने सलामी बल्लेबाज केबी पवन (33), रोबिन उथप्पा (9), आर विनय कुमार (2), गणेश सतीश (10), मनीष पांडेय (0), अमित वर्मा (8) और स्टुअर्ट बिन्नी (13) के विकेट गंवाए हैं। उथप्पा पहले दिन का खेल खत्म होने से ठीक पहले आउट हुए थे।
इससे पहले, कर्नाटक ने विनय कुमार और मिथुन की शानदार गेंदबाजी की बदौलत मैच के पहले दिन मुंबई की पहली पारी 233 रनों पर समेट दी थी। 38 बार के चैम्पियन मुंबई के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज विनायक सामंत ने सर्वाधिक 67 रन बनाए।
सामंत ने 157 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके लगाए। तेज गेंदबाजों को मदद कर रही इस पिच पर मुंबई के बल्लेबाज अपने कद के हिसाब से बल्लेबाजी नहीं कर सके और पूरी टीम 79 ओवरों में पेवेलियन लौट गई।
इसके अलावा मुंबई के लिए अभिषेक नायर ने 37 रनों का योगदान दिया जबकि इकबाल अब्दुल्ला ने 30 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज साहिल कुकरेजा (0), कप्तान वसीम जाफर (3) और अंजिक्य रेहाने (14) ने निराश किया लेकिन ओजे खानवल्कर (25)और रोमेश पोवार (23) ने मुश्किल समय में उपयोगी बल्लेबाजी की।
कर्नाटक की ओर से विनय और मिथुन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए क्रमश: चार और तीन विकेट झटके। दिग्गज स्पिनर सुनील जोशी और श्रीनाथ अरविंद को भी एक-एक विकेट मिला।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications