सिडनी, 4 जनवरी (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के खिलाफ होबार्ट में होने वाले मौजूदा टेस्ट श्रृंखला के तीसरे और अंतिम मैच में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमेर खेलेंगे।
मेलबर्न टेस्ट के दोरान आमेर चोटिल हो गए थे। चोट की वजह से ही वह सिडनी में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में पाकिस्तानी एकादश का हिस्सा नहीं हैं।
टीम अधिकारियों को इस बात को पूरा भरोसा है कि होबार्ट टेस्ट तक आमेर पूरी तरह फिट हो जाएंगे। होबार्ट टेस्ट 14 जनवरी से शुरू होगा। पाकिस्तानी टीम के प्रबंधक अब्दुल रकीब ने बताया कि आमेर का उपचार किया गया है और उनकी हालत में सुधार हो रहा है।
रकीब ने कहा, "चिकित्सकों की सलाह पर आमेर को सिडनी टेस्ट के लिए आराम दिया गया। उम्मीद है कि होबार्ट टेस्ट के लिए वह पूरी तरह फिट हो जाएंगे।"
सिडनी में आमेर की जगह टीम में शामिल किए गए मोहम्मद समी ने बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने पहली पारी में आस्ट्रेलिया के तीन बल्लेबाजों को पेवेलियन की राह दिखाई। ऐसे में यह तय है कि होबार्ट में उमर गुल की जगह आमेर को टीम में जगह दी जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।