आस्ट्रेलियन ओपन : त्सोंग को हराकर फाइनल में पहुंचे फेडरर (लीड-2)
फेडरर ने मेलबर्न पार्क में अपनी 53वीं जीत दर्ज की। उन्होंने यहां कुल 60 मैच खेले हैं। सात बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। फेडरर ने तीन बार आस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता है।
अपने करियर का 16वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के लिए प्रयासरत फेडरर का खिताबी मुकाबले में ब्रिटेन के खिलाड़ी एंडी मरे के साथ सामना होगा।
मरे 21 वर्षीय क्रोएशियाई खिलाड़ी मारिन सेलिक को 3-6, 6-4, 6-4, 6-2 से पराजित करके फाइनल में पहुंचे हैं। सेलिक ने 2009 के अमेरिकी ओपन के चौथे दौर में मरे को हराया था। मरे 23 वर्ष के अंतराल के बाद आस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंचने वाले पहले ब्रिटिश खिलाड़ी हैं।
इससे पहले, 1977 में जॉन लॉयड ओपन एरा में फाइनल में पहुंचे थे। वर्ष 1930 के दशक के बाद से किसी ब्रिटेनवासी ने ग्रैंड स्लैम खिताब नहीं जीता है। 1930 के दशक में फ्रेड पेरी ने आठ मेजर एकल खिताब जीते थे।
भारत के दिग्गज टेनिस स्टार लिएंडर पेस और जिंबाब्वे की कारा ब्लैक की जोड़ी मिश्रित युगल वर्ग के फाइनल में पहुंच गई है। पेस और ब्लैक की शीर्ष वरीय जोड़ी ने शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में अमेरिका की लिजा रेमंड और दक्षिण अफ्रीका के वेसले मूडी की जोड़ी को कड़े संघर्ष के बाद 6-7(6), 7-6 (5), 10-7 से पराजित किया।
फाइनल में पेस और ब्लैक का सामना रूस की एकतेरिना माकारोवा और चेक गणराज्य के जारोस्लाव लिवेंस्की की जोड़ी के साथ रविवार को होगा। माकारोवा और लिवेंस्की ने दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में इटली की फ्लाविया पेनेता और ब्राजील के मार्सेलो मेलो की जोड़ी को 6-0, 4-6 , 10-8 से हराया।
पेस और ब्लैक की जोड़ी अपने दूसरे खिताब की ओर अग्रसर है। इस जोड़ी ने 2008 में अमेरिकी ओपन खिताब जीता था। पिछले वर्ष विंबलडन और अमेरिकी ओपन में यह जोड़ी उपविजेता रही थी।
उधर, विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला टेनिस स्टार अमेरिका की सेरेना विलियम्स और उनकी बड़ी बहन वीनस विलियम्स ने महिलाओं का युगल खिताब जीत लिया है।
सेरेना और वीनस की दूसरी वरीय जोड़ी ने शुक्रवार को मेलबर्न पार्क में खेले गए खिताबी मुकाबले में जिंबाब्वे की कारा ब्लैक और अमेरिका की लेजल ह्यूबर की शीर्ष वरीय जोड़ी को सीधे सेटों में 6-4, 6-3 से पराजित किया।
दोनों बहनों ने 86 मिनट के भीतर यह मैच अपने नाम करते हुए अपना 11वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीता। इस जोड़ी ने 2009 में भी यह खिताब अपने नाम किया था। उससे पहले, विलियम्स बहनों ने 2001 और 2003 में भी इस खिताब पर कब्जा किया था।
सेरेना महिलाओं के एकल वर्ग के फाइनल में भी पहुंच चुकी हैं। पिछले वर्ष इस खिताब पर कब्जा करने वाली सेरेना की भिड़ंत बेल्जियम की खिलाड़ी जेस्टिन हेनिन के साथ शनिवार को होगी। सेरेना अपने पांचवें आस्ट्रेलियन ओपन खिताब के लिए हेनिन का सामना करेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications