अंडर-19 विश्व कप : कनाडा, दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान की जीत (लीड-2)
भारतीय टीम ने जहां अफगानिस्तान को आठ विकेट से हराकर शानदार आगाज किया वहीं कनाडा ने जिंबाब्वे को 10 रनों से हराया। दक्षिण अफ्रीका ने एक तरफ जहां आयरलैंड पर पांच विकेट से जीत दर्ज की वहीं पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को 40 रनों से पराजित किया।
स्थानीय बर्ट सटक्लिफ ओवल मैदान पर 119 रनों का लक्ष्य पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 25.2 आवरों में दो विकेट खोकर 122 बनाकर शानदार जीत दर्ज की। भारत की ओर से मंदीप सिंह 51 रन बनाकर नाबाद रहे। भारतीय टीम को राहुल कन्नौर (35) और मयंक अग्रवाल (10) के रूप में दो झटके लगे।
इससे पहले भारतीय टीम के कप्तान अशोक मेनारिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। भारत की शानदार गेंदबाजी के आगे कमजोर मानी जा रही अफगानी टीम ने घुटने टेक दिए। अफगानिस्तान की टीम के खाते में अभी 12 रन जुड़े थे कि सलामी बल्लेबाज जकीउल्लाह जकी महज एक रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। इसके बाद बल्लेबाजों के आउट होने के सिलसिला शुरू हो गया।
अफगानी टीम 49.2 ओवरों में महज 118 रन ही जोड़ सकी। अफगानिस्तान की ओर से कप्तान नूर-उल-हक ने सर्वाधिक 61 रन बनाए। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज जावेद अहमदी ने भी 19 रन जोड़े। भारत की ओर से सौरभ नेत्रवलकर सबसे किफायती और सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 आवरों में 23 रन देकर दो विकेट चटाकाए। उनके अलावा जयदेव उनादकट, गौरव जाठर और मानन शर्मा ने भी दो-दो विकेट लिए।
क्राइस्टचर्च के विलेज ग्रीन मैदान पर कनाडा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए उस्मान लिंबाडा के 90 रनों की बदौलत सात विकेट पर 201 रन बनाए जबकि जिंबाब्वे की टीम विकेटकीपर बल्लेबाज डीन मास्क्दजा के 75 रनों के बावजूद 49.4 ओवरों में 191 रन ही बना सकी।
क्वींसटाउन इवेंट सेंटर मैदान पर खेले गए अपने मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने आयरलैंड पर पांच विकेट से जीत दर्ज की। आयरलैंड की टीम ने बेन अकलैंड के 66 और ली नेल्सन के 55 रनों की बदौलत 50 ओवरों में छह विकेट पर 216 रन बनाए। जबाव में दक्षिण अफ्रीकी टीम ने स्टीफन स्मिथ के नाबाद 67 रनों की बदौलत पांच विकेट खोकर 43.4 ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
उधर, पाल्मेर्टसन नार्थ शहर के फिजरब्रेट पार्क मैदान पर पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज पर 40 रनों की शानदार जीत दर्ज की। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बाबर आजम के शानदार 129 रनों की बदौलत सात विकेट के नुकसान पर 297 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम क्रेग ब्रैथवेट (92) और ट्रेवन ग्रिफिथ (84) के बीच पहले विकेट के लिए हुई 120 रनों की साझेदारी के बावजूद 46.5 ओवरों में 257 रन ही बना सकी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications