For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts

नागपुर टेस्ट : कालिस व अमला के शतकों से दक्षिण अफ्रीका मजबूत स्थिति में (राउंडअप)

By Staff

महज छह रन पर दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवाने के बाद दबाव में बल्लेबाजी करने उतरे कालिस ने 159 और अमला ने 115 रन बनाए। दोनों बल्लेबाज अभी भी मैदान पर डटे हुए हैं।

टॉस जीतने के बाद कप्तान ग्रीम स्मिथ ने एश्वेल प्रिंस के साथ दक्षिण अफ्रीकी पारी की शुरुआत की। मैच के पांचवें ओवर में पांच रन के योग पर दक्षिण अफ्रीका का पहला विकेट गिरा। तेज गेंदबाज जहीर खान की गेंद पर सलामी बल्लेबाज प्रिंस विकेटकीपर महेंद्र सिंह धौनी को कैच थमा बैठे। वह अपना खाता भी नहीं खोल सके।

इसके बाद सातवें ओवर की तीसरी गेंद पर स्कोर बोर्ड में अभी महज एक ही रन का इजाफा हुआ था कि दक्षिण अफ्रीका को दूसरा झटका लगा। जहीर ने स्मिथ को क्लीन बोल्ड कर चलता किया। स्मिथ ने छह रन बनाए।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आए अमला और कालिस ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को न सिर्फ संकट से उबारा बल्कि उसे एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। कालिस ने शानदार शतक लगाकर अपनी टीम को मजबूती देने के साथ ही अपने करियर का 34वां टेस्ट शतक भी जड़ा। टेस्ट मैचों में शतकों के मामले में सचिन तेंदुलकर और रिकी पोंटिंग ही उनसे आगे हैं।

सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवाने के बाद कालिस और अमला ने तीसरे विकेट के लिए अभी तक 285 रनों की नाबाद साझेदारी की। कालिस ने संयम भरी पारी खेलते हुए शानदार 159 रन बनाए। 290 गेंदों की अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 13 चौके व दो छक्के लगाए।

अमला ने भी संभलकर बल्लेबाजी की और कालिस का अच्छा साथ निभाया। उन्होंने 115 रनों की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 225 गेंदों का सामना किया और 11 चौके लगाए।

उल्लेखनीय है कि इस मैच की शुरुआत के साथ ही दोनों टीमों के बीच सर्वश्रेष्ठ टेस्ट टीम का ताज हासिल करने की जंग भी शुरू हो गई। भारतीय टीम अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) टेस्ट रैंकिंग में सर्वोच्च स्थान पर है जबकि दक्षिण अफ्रीका उससे चार अंक नीचे दूसरे स्थान पर है।

एक अप्रैल तक जो भी टीम वरीयता क्रम में पहले स्थान पर बनी रहेगी उसे आईसीसी की ओर से 175,000 डॉलर का वार्षिक इनाम मिलेगा। दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम के हिस्से 75,000 डॉलर ही आएंगे।

यह इनाम पाने के लिए भारत को यह सीरिज ड्रॉ करने की जरूरत है। दक्षिण अफ्रीकी टीम यदि 1-0 या इससे बेहतर अंतर से यह श्रृंखला जीतने में सफल रही तो तब वह वरीयता क्रम में पहले स्थान पर पहुंच जाएगी।

पूरी तरह फिट न होने के कारण मध्यक्रम के स्टाइलिश बल्लेबाज वी. वी. एस. लक्ष्मण टीम में शामिल नहीं हो सके। उनके स्थान पर अंतिम एकादश में स्थान पाने वाले रोहित शर्मा भी सुबह अभ्यास करते समय चोटिल हो गए। इसके बाद नवोदित ऋद्धिमान साहा को टीम में शामिल किया गया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:30 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+