स्थानीय ईडन गार्डेस मैदान पर खेल के दूसरे दिन मेहमान टीम के 296 रनों पर सिमटने के बाद सहवाग और गौतम गंभीर ने भारत को बेहतरीन शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 73 रनों की साझेदारी की परंतु गंभीर के रनआउट होने से यह शानदार साझेदारी टूट गई। गंभीर ने 25 रन बनाए।
गंभीर के पेवेलियल लौटने के बाद मैदान पर उतरे युवा बल्लेबाज मुरली कुछ खास नहीं कर सके। वह महज सात रन बनाकर मॉर्न मॉर्कल का शिकार बन गए। इस बीच सहवाग ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। भोजनकाल तक सहवाग 52 और सचिन तेंदुलकर नौ रन बनाकर नाबाद थे।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 296 रनों के स्कोर पर सिमट गई। पहले दिन के स्कोर नौ विकेट पर 266 रनों से आगे खेलते हुए दक्षिणी अफ्रीकी टीम ने दूसरे दिन महज 30 रन जोड़े। भारत की ओर से जहीर खान सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार विकेट झटके। लंबे समय बाद लय में लौटे हरभजन सिंह ने भी तीन विकेट चटकाए।
खेल का पहला दिन भारतीय गेंदबाजों के नाम रहा। पहले दिन एक समय मेहमान टीम का स्कोर एक विकेट पर 218 रन था परंतु उसने 43 रनों के भीतर ही आठ अन्य विकेट गवां दिए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से हाशिम अमला ने 114 और एल्विरो पीटरसन ने 100 रन बनाए।
दो मैचों की श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका 1-0 से आगे है। नागपुर में खेले गए पहले मैच में उसने भारत को एक पारी और छह रनों से पराजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।