शुरुआती दो विकेट गंवाने के बाद कालिस और अमला ने दक्षिण अफ्रीकी पारी संभाली और तीसरे विकेट के लिए 143 रनों की नाबाद साझेदारी की। कालिस ने संयम भरी पारी खेलते हुए शानदार 100 नाबाद रन बनाए। इस पारी के दौरान उन्होंने नौ चौके दो छक्के लगाए।
अमला ने भी संभलकर बल्लेबाजी की और कालिस का अच्छा साथ निभाया। वह 38 रनों पर नाबाद हैं। उन्होंने तीन चौके लगाए।
इससे पहले तेज गेंदबाज जहीर खान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान टीम के दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बिगाड़ दी।
मैच के पांचवें ओवर में पांच रन के योग पर दक्षिण अफ्रीका का पहला विकेट गिरा। जहीर की गेंद पर सलामी बल्लेबाज एश्वेल प्रिंस विकेटकीपर महेंद्र सिंह धौनी को कैच थमा बैठे। इसके बाद सातवें ओवर की तीसरी गेंद पर स्कोर बोर्ड में अभी महज एक ही रन का इजाफा हुआ था कि दक्षिण अफ्रीका को दूसरा झटका लगा। जहीर ने स्मिथ को क्लीन बोल्ड कर चलता किया। स्मिथ ने छह रन बनाए जबकि प्रिंस अपना खाता भी नहीं खोल सके।
पूरी तरह फिट न होने के कारण मध्यक्रम के स्टाइलिश बल्लेबाज वी. वी. एस. लक्ष्मण टीम में शामिल नहीं हो सके। उनके स्थान पर अंतिम एकादश में स्थान पाने वाले रोहित शर्मा भी सुबह अभ्यास करते समय चोटिल हो गए। इसके बाद नवोदित ऋद्धिमान साहा को टीम में शामिल किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।