टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने निर्धारित 50 ओवरों की समाप्ति तक नौ विकेट के नुकसान पर 249 रन बनाए। कप्तान सकीबुल हसन ने सर्वाधिक 47 रनों का योगदान दिया जबकि रकीबुल हसन ने 43 और इमरुल कायेस ने 42 रन जोड़े।
इसके अलावा मुश्फिकुर रहीम ने 32 रन बनाए। भारत के खिलाफ गुरुवार को शानदार अर्धशतक लगाने वाले मोहमुदुल्लाह ने भी 24 रनों की नाबाद पारी खेली। उन्होंने 24 गेंदों पर दो चौके लगाए। सैयद रसेल सात रन बनाकर नाबाद लौटे।
सकीबुल ने 75 गेंदों की संयमपूर्ण पारी के दौरान एक चौका लगाया जबकि रकीबुल ने 71 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके जड़े। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 77 रन जोड़े।
इसके बाद मुश्फिकुर और सकीबुल ने पांचवें विकेट के लिए 34 रन जोड़े। मुश्फिकुर ने अपनी 22 गेंदों की तेज पारी के दौरान दो चौके और इतने ही छक्के लगाए। इमरुल ने 54 गेंदों का सामना कर चार चौके और एक छक्का लगाया। इमरुल ने भारत के खिलाफ 70 रनों की शानदार पारी खेली थी।
श्रीलंका की ओर से नुवान कुलसेकरा, सूरज रांडीव और थिसिरा परेरा ने दो-दो सफलताएं अर्जित कीं जबकि थिलन तुषारा को एक विकेट मिला। बांग्लादेश के दो बल्लेबाज रन आउट हुए।
दोनों टीमों अपना तीसरा मैच खेल रही हैं। श्रीलंका ने दोनों मैचों में जीत हासिल की है जबकि बांग्लादेश को अपने पिछले दोनों मैच गंवाने पड़े हैं। श्रीलंका ने बांग्लादेश और भारत को पराजित किया है जबकि भारतीय टीम ने गुरुवार को बांग्लादेश को हराकर अपनी पहली जीत हासिल की थी।
शाम के बाद से गिरने वाली ओस और उससे पैदा हो रही दिक्कतों को ध्यान में रखकर श्रृंखला के बाची बचे मैचों को निर्धारित समय से आधा घंटा पहले शुरू करने का फैसला किया गया है। अब शेष मैच भारतीय समयानुसार दोपहर डेढ़ बजे से खेले जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।