पहले दिन का खेल खत्म, भारत के 8 विकेट पर 213 रन (लीड-9)
दिन का खेल खत्म होने तक टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में आठ विकेट खोकर 213 रन बना लिए थे। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर विकेटों की पतझड़ के बीच 76 रन और ईशांत शर्मा एक रन बनाकर नाबाद लौटे।
तेंदुलकर ने 140 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके और एक छक्का लगाया है। तेंदुलकर ने इस पारी के दौरान टेस्ट क्रिकेट में 13,000 रनों का आंकड़ा पार कर लिया। इस मुकाम तक पहुंचने वाले वह विश्व के एकमात्र बल्लेबाज हैं।
अपनी नाबाद पारी के दौरान 30 रन बनाने के साथ तेंदुलकर ने यह मुकाम हासिल किया। तेंदुलकर ने 163 मैचों में 43 शतक और 55 अर्धशतक लगाए हैं।
इस मैच से पहले तेंदुलकर ने 162 मैचों में 54.95 के औसत से 12970 रन बनाए थे। चटगांव टेस्ट की नाबाद पारी के रनों को मिलाकर उनके कुल टेस्ट रनों की संख्या 13046 हो गई है। उन्होंने अब तक 55.04 के औसत से रन बटोरे हैं।
भारतीय टीम ने सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर (23), कार्यकारी कप्तान वीरेंद्र सहवाग (52), राहुल द्रविड़ (4), वी.वी.एस. लक्ष्मण (7), युवराज सिंह (12), दिनेश कार्तिक (0), अमित मिश्रा (14) और जहीर खान (11) के विकेट गंवाए हैं। मेजबान टीम की ओर से कप्तान सकीबुल हसन और शहादत हुसैन ने चार-चार विकेट चटकाए हैं।
सहवाग और गंभीर ने पहले विकेट के लिए 79 रन जोड़े लेकिन इसके बाद भारतीय टीम एक के बाद एक अपने विकेट गंवाती चली गई। सहवाग ने अपना अर्धशतक लगाते हुए 51 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 52 रन बनाए। गंभीर ने 44 गेंदों पर तीन चौके लगाए।
गंभीर और सहवाग का विकेट 79 के कुल योग पर गिरा जबकि द्रविड़ 85 रन के कुल योग पर पेवेलियन लौटे। लक्ष्मण का विकेट 107 रन पर गिरा। इसके बाद युवराज और तेंदुलकर ने पांचवें विकेट के लिए 42 रन जोड़े।
युवराज 149 रन के कुल योग पर आउट हुए। इसके एक रन बाद कार्तिक भी अपना विकेट गंवा बैठे। तेंदुलकर के साथ सातवें विकेट के लिए 32 रन जोड़ने वाले मिश्रा का विकेट 182 रन के कुल योग पर गिरा।
मौसम खराब होने के कारण मैच शुरू होने में लगभग दो घंटे की देरी हुई। चटगांव में कोहरे के कारण रोशनी काफी कम थी और यही देखते हुए अंपायरों ने मैच भारतीय समयानुसार 10.30 बजे के बाद शुरू करने की घोषणा की।
इस मैच में भारतीय टीम की कप्तानी सहवाग संभाल रहे हैं। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के अनफिट होने की स्थिति में सहवाग को टीम की कमान सौंपी गई। ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह भी इस मैच में नहीं खेल रहे हैं।
हरभजन के स्थान पर मिश्रा को मैदान में उतारा गया है। हरभजन की गर्दन में अकड़न है। कमर में तकलीफ से परेशान कप्तान महेंद्र सिंह धौनी की जगह विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी कार्तिक को सौंपी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications