अहमदाबाद टेस्ट : मैकलम और टेलर पेवेलियन लौटे (लीड-1)
अहमदाबाद, 6 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच मोटेरा के सरदार पटेल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को मेहमान टीम ने भोजनकाल तक चार विकेट पर 148 रन बना लिए थे। तीसरे दिन के पहले सत्र में भारतीय गेंदबाज ब्रेंडन मैकलम और रॉस टेलर का विकेट लेने में कामयाब रहे।
दूसरे दिन के स्कोर दो विकेट पर 69 रनों से आगे खेलते हुए तीसरे दिन मैकलम और टेलर ने अपनी टीम की पारी को बड़ी सहजता से आगे बढ़ाया। इस बीच मैकलम ने अपना अर्धशतक पूरा किया। टेस्ट मैचों में उनका यह 17वां अर्धशतक है। उनके बाद टेलर ने भी अपने टेस्ट करियर का 10वां अर्धशतक जड़ा।
मैकलम और टेलर कीवी पारी को बड़े ही धर्य के साथ आगे बढ़ा रहे थे लेकिन हरभजन सिंह की एक गेंद पर टेलर चकमा खा गए और लक्ष्मण के हाथों लपके गए। टेलर ने 56 रनों की पारी खेली। इसके कुछ देर बाद ही प्रज्ञान ओझा ने मैकलम को पेवेलियन की राह दिखा दी। मैकलम ने 65 रन बनाए। भोजनकाल के समय जेसी राइडर छह और केन विलियम्सन पांच रन बनाकर नाबाद थे। कीवी टीम को तीसरे दिन टिम मैकंटॉस और जॉन वाटलिंग के रूप में दो झटके लगे थे।
इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी में 487 रन बनाए। मैच के पहले दिन सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (173) और राहुल द्रविड़ (104) ने बेहतरीन पारी खेल टीम को मजबूती प्रदान की थी। इनके अलावा सचिन तेंदुलकर और वी.वी.एस. लक्ष्मण ने 40-40 रन बनाए थे। सचिन अपने करियर का 50वां शतक जड़ने से चूक गए।
न्यूजीलैंड की ओर से सर्वाधिक चार विकेट कप्तान डेनियल विटोरी ने झटके। जीतन पटेल ने तीन जबकि क्रिस मार्टिन, जेसी राइडर व विलियम्सन ने एक-एक विकेट हासिल किए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications