नागपुर, 7 फरवरी (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीकी टीम के बल्लेबाज हाशिम अमला ने भारत के साथ विदर्भ क्रिकेट संघ मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन रविवार को अपने करियर का पहला दोहरा शतक पूरा कर लिया। खबर लिखे जाने तक मेहमान टीम ने अपनी पहली पारी में चार विकेट के नुकसान पर 457 रन बना लिए थे।
अमला 388 गेंदों पर 19 चौकों की मदद से 206 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि जीन पॉल डुमिनी ने खाता नहीं खोला था। दक्षिण अफ्रीका ने अब्राहम डिविलियर्स के रूप में अपना चौथा विकेट गंवाया। डिविलियर्स 88 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 53 रन बनाकर आउट हुए।
डिविलियर्स का विकेट 454 रन के कुल योग पर गिरा। उनका विकेट वीरेंद्र सहवाग ने लिया। एस. बद्रीनाथ के हाथों कैच आउट होने से पहले डिविलियर्स ने अमला के साथ चौथे विकेट के लिए 27 ओवर में 108 रनों की साझेदारी निभाई।
शनिवार को मैच के पहले दिन अपने करियर का 34वां शतक लगाने वाले हरफनमौला जैक्स कैलिस का विकेट 346 रन के कुल योग पर गिरा। 173 रन बनाने वाले कैलिस 351 गेंदों पर 15 चौके और दो छक्के लगाने के बाद हरभजन सिंह की गेंद पर मुरली विजय के हाथों कैच आउट हुए।
कैलिस और अमला ने तीसरे विकेट के लिए रिकार्ड 340 रनों की साझेदारी निभाई। दोनों ने इस साझेदारी के दौरान लगभग 106 ओवरों तक बल्लेबाजी की। पहले दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 291 रन था। कैलिस 159 और अमला 115 रन पर नाबाद वापस लौटे थे। मेहमान टीम ने कैलिस के अलावा कप्तान ग्रीम स्मिथ (6) और एश्वेल प्रिंस (0) के विकेट गंवाए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।