ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द डेली मेल' में प्रकाशित अपने एक लेख में हुसैन ने लिखा है, "महान खिलाड़ियों के बीच तुलना मुझे कभी पसंद नहीं रही है लेकिन बुधवार को खेली गई 200 रनों की नाबाद पारी के बाद यह निर्विवाद रूप से कहा जा सकता है कि तेंदुलकर विश्व के महानतम बल्लेबाज हैं।"
उल्लेखनीय है कि तेंदुलकर बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ग्वालियर में एकदिवसीय मैचों में 200 रनों की व्यक्तिगत पारी खेलने वाले विश्व के एकमात्र बल्लेबाज बने। तेंदुलकर ने अपनी 147 गेंदों की यादगार पारी के दौरान 25 चौके और तीन छक्के लगाए।
चेन्नई में जन्मे हुसैन लिखते हैं, "तेंदुलकर अपने समकालीन ब्रायन लारा और रिकी पोंटिंग से बेहतर खिलाड़ी हैं। यही नहीं, वह सर विवियन रिचर्ड्स, सुनील गावस्कर और एलन बॉर्डर से भी बेहतर हैं। मैं तो इतना भी कह सकता हूं कि वह ब्रैडमैन से भी बेहतर हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।