भारत का सातवां विकेट भी गिरा, 200 रन पूरे (लीड-7)
खबर लिखे जाने तक भारतीय टीम ने 55 ओवरों की समाप्ति तक 202 रन बनाए थे। सचिन तेंदुलकर 121 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 72 रन बनाकर नाबाद थे जबकि जहीर खान ने छह रन बनाए थे।
भारतीय टीम ने सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर (23), कार्यकारी कप्तान वीरेंद्र सहवाग (52), राहुल द्रविड़ (4), वी.वी.एस. लक्ष्मण (7), युवराज सिंह (12), दिनेश कार्तिक (0) और अमित मिश्रा (14) के विकेट गंवाए हैं। मेजबान टीम की ओर से कप्तान सकीबुल हसन ने तीन और शहादत हुसैन ने चार विकेट चटकाए हैं।
सहवाग और गंभीर ने पहले विकेट के लिए 79 रन जोड़े लेकिन इसके बाद भारतीय टीम एक के बाद एक अपने विकेट गंवाती चली गई। सहवाग ने अपना अर्धशतक लगाते हुए 51 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 52 रन बनाए। गंभीर ने 44 गेंदों पर तीन चौके लगाए।
गंभीर और सहवाग का विकेट 79 के कुल योग पर गिरा जबकि द्रविड़ 85 रन के कुल योग पर पेवेलियन लौटे। लक्ष्मण का विकेट 107 रन पर गिरा। इसके बाद युवराज और तेंदुलकर ने पांचवें विकेट के लिए 42 रन जोड़े।
युवराज 149 रन के कुल योग पर आउट हुए। इसके एक रन बाद कार्तिक भी अपना विकेट गंवा बैठे। तेंदुलकर के साथ सातवें विकेट के लिए 32 रन जोड़ने वाले मिश्रा का विकेट 182 रन के कुल योग पर गिरा।
मौसम खराब होने के कारण मैच शुरू होने में लगभग डेढ़ घंटे की देरी हुई। चटगांव में कोहरे के कारण रोशनी काफी कम थी और यही देखते हुए अंपायरों ने मैच भारतीय समयानुसार 10.30 बजे के बाद शुरू करने की घोषणा की।
इस मैच में भारतीय टीम की कप्तानी सहवाग संभाल रहे हैं। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के अनफिट होने की स्थिति में सहवाग को टीम की कमान सौंपी गई। ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह भी इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। उनके स्थान पर मिश्रा को मैदान में उतारा गया है। हरभजन की गर्दन में अकड़न है। कमर में तकलीफ से परेशान कप्तान महेंद्र सिंह धौनी की जगह विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी कार्तिक को सौंपी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications