हॉकी खिलाड़ियों को मिला एक करोड़ रुपये का चेक
हॉकी खिलाड़ी इन दिनों पुणे में इस वर्ष फरवरी-मार्च में नई दिल्ली में होने वाले विश्व कप की तैयारियों में जुटे हैं। अपनी मांगों को लेकर खिलाड़ी छह दिनों तक इस शिविर से दूर रहे थे। खिलाड़ियों की मांग थी कि पिछले वर्ष के खेल के बदले उन्हें प्रति व्यक्ति 4.5 लाख रुपये का भुगतान होना चाहिए।
इस मांग को देखते हुए राष्ट्रीय प्रायोजक सहारा इंडिया ने खिलाड़ियों में वितरित करने के लिए एक करोड़ रुपये हॉकी इंडिया (एचआई) को दिया था। यही रकम सोमवार को खिलाड़ियों के पास पहुंची।
खिलाड़ियों की हड़ताल खत्म कराने के लिए आगे आए भारतीय ओलंपिक संघ के प्रमुख सुरेश कलमाड़ी ने सोमवार को खुद खिलाड़ियों को एक करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया।
एचआई ने कहा है कि वह यह रकम खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और कोचों के लिए बोनस के तौर पर जारी कर रहा है। कलमाडी ने इस बात को लेकर खुशी जाहिर की कि एचआई ने उनके वादे का ख्याल रखते हुए खिलाड़ियों के लिए यह राशि जारी की है।
कलमाडी ने कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि यह राशि मिलने के बाद हमारे खिलाड़ी विश्व कप के लिए ज्यादा उत्साह के साथ तैयारी करेंगे।"
पिछले वर्ष राष्ट्रीय टीम का हिस्सा रहे 12 खिलाड़ी इन दिनों लखनऊ में एशियाई खेलों की तैयारी में जुटे हैं। इन खिलाड़ियों को उनका हिस्सा अगले सप्ताह नई दिल्ली में चेक के रूप में दिया जाएगा।
भारतीय टीम के खिलाड़ियों को पिछले वर्ष पंजाब गोल्ड कप, सुल्तान अजलान शाह कप, अर्जेटीना के साथ टेस्ट श्रृंखला, न्यूजीलैंड और कनाडा के साथ टेस्ट श्रृंखला और चैम्पियंस चैलेड टूर्नामेंट में खेलने के बदले यह राशि दी गई है। चैम्पियंस चैलेंज में भारतीय टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया था।
इसके अलावा वर्ष 2008 में हैदराबाद में आयोजित अंडर-21 एशिया कप में खेलने वाली टीम को भी पुरस्कृत किया जाएगा। इस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताबी जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications