होबार्ट टेस्ट : पोंटिंग का दोहरा शतक, पाकिस्तान मुश्किल में
मेजबान टीम ने कप्तान के करियर के 39वें तथा उपकप्तान के 13वें शतक की बदौलत मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को आठ विकेट के नुकसान पर 519 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी।
इसके जवाब में खेलने उतरी पाकिस्तानी टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में 94 रन के कुल योग पर अपने चार विकेट गंवा दिए थे।
पाकिस्तान ने सलामी बल्लेबाज इमरान फरहत (38), खुर्रम मंजूर (0), कप्तान मोहम्मद यूसुफ (7) और उमर अकमल (8) के विकेट गंवाए हैं। फरहत और मंजूर का विकेट पीटर सिडल के खाते में गया जबकि यूसुफ और अकमल रन आउट हुए।
दिन की समाप्ति तक सलामी बल्लेबाज सलमान बट्ट 99 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 34 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि पूर्व कप्तान शोएब मलिक ने नौ गेंदों पर एक चौके की मदद से चार रन बनाए थे।
इससे पहले, मैच के पहले दिन गुरुवार के अपने स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 302 रन से आगे खेलते हुए आस्ट्रेलियाई टीम ने सबसे पहले क्लार्क का विकेट गंवाया, जो 328 गेंदों पर 19 चौके लगाने के बाद पेवेलियन लौटे।
क्लार्क ने कप्तान पोंटिग के साथ चौथे विकेट के लिए 352 रनों की रिकार्ड साझेदारी निभाई। मैच के पहले दिन क्लार्क 111 और पोंटिंग 137 रनों पर नाबाद लौटे थे। क्लार्क का विकेट 423 रनों के कुल योग पर गिरा।
क्लार्क के आउट होने के बाद पोंटिंग भी संयम खो बैठे और 443 रनों के कुल योग पर पेवेलियन लौट गए। पोंटिग ने 342 गेंदों का सामना करते हुए अपना दोहरा शतक पूरा किया। पोंटिग ने अपनी 354 गेंदों की पारी में 25 चौके लगाए।
पोंटिंग और क्लार्क के विदा होने के बाद आस्ट्रेलिया ने मार्कस नार्थ (21), ब्रैड हेडिन (41), मिशेल जानसन (8) के विकेट गंवाए। नेथन हॉरित्ज 12 रन बनाकर नाबाद लौटे। हेडिन ने अपनी 34 गेंदों की तेज पारी के दौरान पांच चौके और एक छक्का जड़ा।
पाकिस्तान की ओर से स्पिन गेंदबाज दानिश कनेरिया ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए जबकि मोहम्मद आमेर और मोहम्मद आसिफ को दो-दो सफलता मिली। उमर गुल के खाते में भी एक विकेट दर्ज हुआ।
पाकिस्तान ने धुरंधर बल्लेबाज और विकेटकीपर कामरान अकमल के स्थान पर सरफराज अहमद को विकेट के पीछे की जिम्मेदारी सौंपी है। सरफराज अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे हैं।
तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला में मेजबान टीम 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है। उसने ब्रिस्बेन और एडिलेड में खेले गए मैचों में जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications