अंडर-19 विश्व कप : आस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज और श्रीलंका की जीत (लीड-1)
भारत ने जहां हांगकांग को नौ विकेट से पराजित किया वहीं आस्ट्रेलिया ने क्वींसटाउन में आयरलैंड पर 209 रनों के अंतर से विशाल जीत पाई।
वेस्टइंडीज की टीम भाग्यशाली रही क्योंकि बांग्लादेश के खिलाफ उसे सिर्फ एक रन के अंतर से जीत मिल सकी लेकिन श्रीलंका ने जिंबाब्वे को आठ विकेट के भारी अंतर से करारी शिकस्त दी।
भारतीय टीम ने क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर हांगकांग को नौ विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने शुक्रवार को खेले गए अपने पहले ग्रुप मैच में अफगानिस्तान पर आठ विकेट से जीत हासिल की थी। भारतीय टीम ग्रुप-ए में है।
टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करते हुए भारतीय टीम ने गौरव जाठड़ (27/3) और संदीप शर्मा (11/3) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत हांगकांग को 33.5 ओवरों में 143 रनों पर पेवेलियन लौटा दिया। हांगकांग के तीन बल्लेबाज रन आउट हुए।
हांगकांग की ओर से कप्तान जेमी एटकिंसन ने सर्वाधिक 39 रन बनाए जबकि मार्क चैपमैन और वकाश बाखत ने 27-27 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा ऐयाज खान ने भी 23 रन बनाए। उसके छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके।
144 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (63) का विकेट गंवाकर 24 ओवरो में जीत हासिल कर ली। मयंक ने अपनी 56 गेंदों की तेज पारी के दौरान छह चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने पहले विकेट के लिए राहुल कन्नौर के साथ 119 रन जोड़े।
कन्नौर 73 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 62 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि मंदीप सिंह ने 23 गेंदों पर एक चौके की मदद से नाबाद 13 रन बनाए। हांगकांग की ओर से इरफान अहमद को एकमात्र सफलता मिली।
क्वींसटाउन इवेंट सेंटर मैदान पर आस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एलेक्स कीथ (88), टिम आर्म्सट्रांग (73) और टॉम बीटन (53) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत पांच विकेट पर 274 रन बनाए।
जवाब में निक बुकानन और आर्म्सट्रांग और केन रिचर्डसन की शानदार गेंदबाजी की बदौलत आस्ट्रेलिया ने आयरलैंड को 24.2 ओवरो में 65 रन पर पेवेलियन लौटा दिया।
पाल्मेर्टसन नॉर्थ में खेले गए रोचक मुकाबले में वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश पर एक रन से जीत दर्ज की। पहले खेलते हुए वेस्टइंडीज ने आठ विकेट पर 249 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी बांग्लादेश की टीम 49.4 ओवरों में 248 रन ही बना सकी।
लिंकाल्न में जिंबाब्वे और श्रीलंका के बीच खेला गया मैच संक्षिप्त स्कोर वाला रहा। 34 ओवरों तक सीमित किए गए मैच में पहले खेलते हुए जिंबाब्वे ने 33.3 ओवरों की बल्लेबाजी में 121 रन बनाए। जिंबाब्वे की ओर से टिनोतेंदा मुतोमोबोद्जी ने नाबाद 42 रन बनाए।
श्रीलंका ने भानुका राजपक्षा (नाबाद 52) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत 24.2 ओवरों में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। श्रीलंका के उदारा जयसुंदरा ने 30 रन बनाए। भानुका ने अपनी 43 गेंदों की पारी के दौरान 10 चौके लगाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications