खबर लिखे जाने तक 40 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए थे। सचिन तेंदुलकर एक छोर पर 73 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौकों की मदद से 45 रन बनाकर नाबाद थे जबकि अमित मिश्रा ने खाता नहीं खोला था।
भारतीय टीम ने गौतम गंभीर (23), वीरेंद्र सहवाग (52), राहुल द्रविड़ (4), वी.वी.एस. लक्ष्मण (7), युवराज सिंह (12) और दिनेश कार्तिक (0) के विकेट गंवाए हैं। मेजबान टीम की ओर से कप्तान सकीबुल हसन और शहादत हुसैन ने तीन-तीन विकेट चटकाए हैं।
सहवाग और गंभीर ने पहले विकेट के लिए 79 रन जोड़े लेकिन इसके बाद भारतीय टीम एक के बाद एक अपने विकेट गंवाती चली गई। सहवाग ने अपना अर्धशतक लगाते हुए 51 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 52 रन बनाए। गंभीर ने 44 गेंदों पर तीन चौके लगाए।
मौसम खराब होने के कारण मैच शुरू होने में लगभग डेढ़ घंटे की देरी हुई। चटगांव में कोहरे के कारण रोशनी काफी कम थी और यही देखते हुए अंपायरों ने मैच भारतीय समयानुसार 10.30 बजे के बाद शुरू करने की घोषणा की।
इस मैच में भारतीय टीम की कप्तानी सहवाग संभाल रहे हैं। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के अनफिट होने की स्थिति में सहवाग को टीम की कमान सौंपी गई। हरभजन सिंह भी इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। उनके स्थान पर मिश्रा को मैदान में उतारा गया है। धौनी की जगह विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी कार्तिक को सौंपी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।