नई दिल्ली, 25 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के डॉक्टर कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में चल रहे राष्ट्रमंडल निशानेबाजी प्रतियोगिता के सातवें दिन गुरुवार को भी भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। स्कीट स्पर्धा में मेराज अहमद खान और अरोजपाल सिंह ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
मेराज और अरोजपाल ने 185 अंक हासिल करके स्वर्ण पदक जीता जबकि 184 अंक हासिल करने वाले इंग्लैण्ड के क्रैग लैकी और रोरी वार्लो को रजत पदक प्राप्त हुआ। बांग्लादेश के अल्तमस कबीर और नूरुद्दीन कबीर ने 175 अंक हासिल करके स्पर्धा के कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
महिलाओं की 50 मीटर की रायफल प्रोन में स्कॉटलैण्ड की जेनिफर मैकिनतोश और शीना शार्प ने 1178 अंक हासिल करके राष्ट्रमंडल का नया रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। इंग्लैण्ड की स्मिथ मिशेल और शैरॉन ली ने 1177 अंक प्राप्त करके रजत पदक पर कब्जा जमाया। वहीं वेल्स की जोहान्न ब्रेके और हेलेन वार्न्स ने 1174 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
महिलाओं की स्कीट (टीम स्पर्धा) में इंग्लैण्ड की निकी ब्रॉकलेस्बी और पिंकी ली ग्रेल्ले ने 84 अंक प्राप्त करके अपने देश के लिए चौथा स्वर्ण जीता। भारत की आरती राव और रश्मि राठौर ने 83 अंक प्राप्त करके रजत पदक पर कब्जा जमाया। वहीं वेल्स की एलिना एल्लेन और सिराइस इवान ने 79 अंक हासिल करके कांस्य पदक जीता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।