कल के 14 रनों के स्कोर से आगे खेलते हुए इमरान फरहत और सलमान बट्ट की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 109 रनों की साझेदारी की। पाकिस्तान को पहला झटका इमरान फरहत के रूप में लगा। वह 53 रनों के निजी स्कोर पर नॉथन हॉरिट्ज का शिकार बने। इसके बाद बट्ट भी 71 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए।
फैसल इकबाल के रूप में पाकिस्तान को तीसरा झटका लगा। पाकिस्तान का स्कोर जब 205 रन था जब तेज गेंदबाज पीटर सिडल ने उन्हें वाटसन के हाथों लपकवाकर पेवेलियन की राह दिखाई।
दोनों सलामी बल्लेबाजों और इकबाल के आउट होने के बाद उमर अकमल और कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। अकमल 49 और यूसुफ 46 रन बनाकर आउट हुए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान की टीम 331 रन बना चुकी थी और उसके नौ बल्लेबाज पेवेलियन लौट चुके थे। खेल खत्म होने के समय दानिश कनेरिया दो और मोहम्मद आसिफ शून्य पर नाबाद थे।
आस्ट्रेलिया की ओर से डॉग बोलिंगर ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके। मिचेल जानसन और शेन वाटसन ने दो-दो विकेट चटाकाए। इनके अलावा पीटर सिडल और हॉरिट्ज के नाम भी एक-एक विकेट दर्ज हुए।
उल्लेखनीय है कि पहले ही दिन आस्ट्रेलिया की पहली पारी महज 127 रनों पर सिमट गई थी। मेजबान बल्लेबालों के लचर प्रदर्शन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल जानसन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने सर्वाधिक 38 रनों का योगदान दिया। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद आसिफ ने छह और मोहम्मद समी ने तीन विकेट चटकाए।
तीन मैचों की इस श्रृंखला में आस्ट्रेलिया 1-0 से आगे है। मेलबर्न में खेले गए पहले टेस्ट मैच में आस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 170 रनों से हरा दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।