तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक मेहमान टीम ने बिना कोई विकेट खोए छह रन बनाए थे। चौथे दिन स्मिथ 20 रन बनाकर अमित मिश्रा की गेंद पर पगबाधा आउट करार दिए गए। स्मिथ का विकेट 36 रन के कुल योग पर गिरा।
पहली पारी में शानदार शतक लगाने वाले सलामी बल्लेबाज एल्वारो पीटरसन 41 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 17 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि हाशिम अमला ने दो रन बनाए थे। अमला ने भी पहली पारी में शतक लगाया था।
भारतीय टीम ने तीसरे दिन के तीसरे सत्र में छह विकेट के नुकसान पर 643 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी थी। भारत को कुल 347 रनों की बढ़त मिली थी। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 296 रन बनाए थे। इस लिहाज से मेहमान टीम अभी भी 308 रन पीछे चल रही है।
रात में हुई जोरदार बारिश के कारण चौथे दिन का खेल समय से शुरू नहीं हो सका। खेल शुरू होने का निर्धारित समय 9.30 बजे था लेकिन दो बार मुआयना करने के बाद आखिरकार खेल एक घंटे विलंब से शुरू हुआ। खराब रोशनी के कारण तीसरे दिन का खेल भी लगभग 45 मिनट पहले समाप्त कर दिया गया था।
दो मैचों की श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका 1-0 से आगे है। नागपुर में खेले गए पहले मैच में उसने भारत को एक पारी और छह रनों से पराजित किया था। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद का टेस्ट टीम का ताज हासिल करने के लिए भारतीय टीम को यह मैच किसी भी हाल में जीतना होगा। नागपुर में मिली हार के कारण सत्र की समाप्ति तक सर्वोच्च वरीय टेस्ट टीम बने रहने के उसके मंसूबे को गहरा धक्का लगा है लेकिन यह मैच जीतकर वह अपनी प्रतिष्ठा को बनाए रख सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।