मियांदाद ने पीसीबी छोड़ने की धमकी दी
कराची, 2 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को मंगलवार को उस समय एक और तगड़ा झटका लगा जब पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद ने महानिदेशक पद छोड़ने की धमकी दे दी। मियांदाद ने कहा कि बोर्ड अध्यक्ष एजाज बट्ट से मनमुटाव के कारण वह ऐसा कर सकते हैं।
पाकिस्तान के सबसे सफल बल्लेबाज के तौर पर मशहूर मियांदाद ने कहा कि उन्हें पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया है लिहाजा ऐसी स्थिति में काम करने से अच्छा है कि वह इस्तीफा दे दें।
मियांदाद ने कहा, "पाकिस्तानी क्रिकेट की दशा बड़ी खराब है। हमें एक होकर इसे बचाना होगा। दूसरे देशवासियों की तरह मैं भी इसमें अपना योगदान देना चाहता हूं लेकिन मुझे पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया है।"
मियांदाद ने कहा कि उन्होंने पीसीबी के मुख्य संरक्षक और देश के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने अपनी और पाकिस्तानी क्रिकेट की मौजूदा स्थिति बयां की है।
मियांदाद ने बताया कि उन्होंने पत्र में लिखा है कि उम्रदराज होने के कारण बट्ट अध्यक्ष पद पर बने रहने के काबिल नहीं हैं। उन्होंने कहा, "बट्ट बूढ़े हो चुके हैं। वह अपने व्यक्तिगत काम ठीक से नहीं कर पाते तो फिर वह पीसीबी से जुड़े कार्यो को कैसे अंजाम तक पहुंचाएंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications