प्रदेश के खेल मंत्री के. वेंकट रेड्डी ने पत्रकारों से बुधवार को कहा है कि उन्होंने डेक्कन चार्जर्स क्लब के कर्ताधर्ताओं से कह दिया है कि अगर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आईपीएल के तीसरे संस्करण का पहला मैच हैदराबाद में नहीं खेला जाता है, तो वे इस ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट से हट जाएं।
रेड्डी ने कहा, "मैंने इस संबंध में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को भी एक पत्र लिखा है। मैंने अध्यक्ष से मांग की है कि वह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हैदराबाद में डेक्कन चार्जर्स का मैच कराने को लेकर कदम उठाएं।"
पृथक तेलंगाना राज्य की मांग को लेकर राज्य में जारी आंदोलन के मद्देनजर आईपीएल प्रबंधन ने 12 मार्च को कोलकाता नाइट राइर्ड्स और डेक्कन चार्जर्स के बीच खेले जाने वाले उद्घाटन मुकाबले को हैदराबाद से हटाकर मुंबई में कराने का फैसला किया है।
राज्य सरकार का दावा है कि आईपीएल प्रबंधन ने यह फैसला किसी से बातचीत के बगैर लिया है। राज्य सरकार के मुताबिक उसने उपयुक्त सुरक्षा मुहैया करने का वादा किया था लेकिन इसके बावजूद उद्घाटन मैच को मुंबई में कराने को लेकर एकतरफा फैसला लिया गया।
इस बीच, रेड्डी द्वारा पवार को लिखे गए पत्र से यह खुलासा हुआ है कि आईपीएल प्रबंधन ने उद्घाटन मैच के साथ-साथ अन्य चार मैचों को भी हैदराबाद से बाहर करने का फैसला किया है। पवार के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम और आईपीएल प्रमुख ललित मोदी को लिखे पत्र में रेड्डी ने लिखा है कि आईपीएल प्रबंधन के इस फैसले ने राज्य के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों को निराश किया है।
रेड्डी ने अपने पत्र में लिखा है कि पृथक तेलंगाना राज्य की मांग कर रहे दलों का नेतृत्व कर रही तेलंगाना संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) ने आईपीएल के मद्देनजर प्रशासन का पूर्ण सहयोग देने का वादा किया है।
रेड्डी ने लिखा है, "मैं भी तेलंगाना क्षेत्र से संबंध रखता हूं। मैंने उस क्षेत्र का प्रतिनिधि होने और राज्य का खेल मंत्री होने के नाते आईपीएल प्रबंधन को सुरक्षा की गारंटी देने की बात कही थी लेकिन इसके बावजूद आईपीएल मैचों को हैरदाबाद में नहीं होने दिया जा रहा है। मैं मुख्यमंत्री के. रोसैया के माध्यम से सोनिया गांधी से इस मामले में हस्तक्षेप करने की गुजारिश करूंगा। हैदराबाद का अपमान हुआ तो यहां की प्रतिनिधि टीम-डेक्कन चार्जर्स आईपीएल में नहीं खेलेगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।