Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

नागपुर टेस्ट : सलामी जोड़ी की सफलता पर टिका है भारत का जवाब (राउंडअप)

गौतम गंभीर 14 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 12 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि वीरेंद्र सहवाग ने 10 गेंदों पर एक चौके की मदद से 9 रन बनाए। तीसरे दिन भारतीय टीम अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों, खासकर सहवाग की बदौलत मेहमान टीम को करारा जवाब देना चाहेगी। तीसरे दिन के पहले सत्र में सहवाग को अपना विकेट बचाए रखना होगा, जिससे कि वह तेजी से रन बनाते हुए भारतीय टीम को मेहमान टीम के स्कोर के पास ले जा सकें।

दक्षिण अफ्रीकी टीम ने तय रणनीति के हिसाब से दूसरे दिन के अंतिम सत्र में चार ओवर शेष रहते अपनी पारी घोषित की थी। उनकी रणनीति यह रही होगी कि चार ओवरों में डेल स्टेन और मोर्न मोर्कल की आक्रमण पंक्ति भारत की सलामी जोड़ी को अगर पेवेलियन लौटा देगी, तब मैच पर उसकी पकड़ मजबूत हो जाएगी क्योंकि राहुल द्रविड़, युवराज सिंह और वी.वी.एस. लक्ष्मण की गैरमौजूदगी में भारतीय बल्लेबाजी क्रम वैसे भी थोड़ी कमजोर दिखाई दे रही है।

सहवाग और गंभीर ने चार ओवरों के खेल के दौरान स्टेन और मोर्कल को बिल्कुल हावी नहीं होने दिया। उनकी बल्लेबाजी मैच के तीसरे दिन भी इसी तरह जारी रही तो भारतीय टीम मेहमानों को करारा जवाब देने में सफल रहेगी। बहरहाल, अपने करियर का पहला दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज हाशिम अमला की बदौलत दक्षिण अफ्रीकी टीम ने काफी मजबूत स्कोर खड़ा किया। अमला 473 गेंदों पर 22 चौकों की मदद से 253 रन बनाकर नाबाद लौटे।

अपनी इस पारी के दौरान 229 रन बनाने के साथ अमला ने टेस्ट मैचों में 3000 रन पूरे कर लिए। 28 नवंबर, 2004 को भारत के खिलाफ कोलकाता में अपना पहला टेस्ट मैच खेलने वाले अमला ने 42वें मैच की 73वीं पारी के दौरान यह आंकड़ा छुआ। अमला ने अब तक आठ शतक और 16 अर्धशतक लगाए हैं। वह 3000 या उससे अधिक रन बनाने वाले दक्षिण अफ्रीका के 13वें टेस्ट बल्लेबाज हैं। दक्षिण अफ्रीका के लिए सर्वाधिक टेस्ट रन जैक्स कैलिस ने बनाए हैं।

नागपुर टेस्ट मैच में अपना 34वां शतक लगाने वाले कैलिस के खाते में 10,780 रन दर्ज हैं। इस सूची में भारतीय टीम के मौजूदा कोच गैरी कर्स्टन का नाम दूसरे स्थान पर है। कर्स्टन ने 101 मैचों में 21 शतकों की मदद से 7,289 रन बनाए थे।

मैच के पहले दिन दो विकेट के नुकसान पर 291 रन बनाने वाली मेहमान टीम ने दूसरे दिन रविवार को जैक्स कैलिस (173), अब्राहम डिविलियर्स (53), जीन पॉल डुमिनी (9) और मार्क बाउचर (39) के विकेट गंवाए। पहले दिन कप्तान ग्रीम स्मिथ (6) और एश्वेल प्रिंस (0) का विकेट गिरा था।

छठे बल्लेबाज के तौर पर बाउचर का विकेट गिरा। बाउचर 75 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 39 रन बनाने के बाद आउट हुए। उनका विकेट 554 रन पर गिरा। दक्षिण अफ्रीका ने डुमिनी के रूप में अपना पांचवां विकेट गंवाया था। डुमिनी का विकेट 476 रन पर गिरा। डुमिनी को हरभजन सिंह ने पगबाधा आउट किया। इससे पहले मेहमान टीम ने डिविलियर्स का विकेट गंवाया था। डिविलियर्स 88 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 53 रन बनाकर आउट हुए।

डिविलियर्स का विकेट 454 रन के कुल योग पर गिरा। उनका विकेट वीरेंद्र सहवाग ने लिया। एस. बद्रीनाथ के हाथों कैच आउट होने से पहले डिविलियर्स ने अमला के साथ चौथे विकेट के लिए 27 ओवर में 108 रनों की साझेदारी निभाई। मैच के पहले दिन अपने करियर का 34वां शतक लगाने वाले हरफनमौला कैलिस का विकेट 346 रन के कुल योग पर गिरा। 351 गेंदों पर 15 चौके और दो छक्के लगाने के बाद कैलिस हरभजन की गेंद पर मुरली विजय के हाथों कैच आउट हुए।

कैलिस और अमला ने तीसरे विकेट के लिए रिकार्ड 340 रनों की साझेदारी निभाई। दोनों ने इस साझेदारी के दौरान लगभग 106 ओवरों तक बल्लेबाजी की। पहले दिन का खेल खत्म होने तक कैलिस 159 और अमला 115 रन पर नाबाद वापस लौटे थे। भारत की ओर से तेज गेंदबाज जहीर खान ने तीन विकेट लिए जबकि हरभजन को दो सफलताएं मिलीं। सहवाग भी एक विकेट लेने में सफल रहे। जहीर ने मैच के पहले दिन दो सफलताएं अर्जित की थीं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:30 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+