आस्ट्रेलियन ओपन : पेस-ब्लैक ने जीता दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब (लीड-2)
रविवार को मेलबर्न पार्क स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में पेस और ब्लैक की शीर्ष वरीय जोड़ी ने रूस की एकातरीना माकारोवा और चेक गणराज्य के जारोस्लाव लिवेंस्की की गैरवरीय जोड़ी को सीधे सेटों में 7-5, 6-3 से पराजित किया।
इस जोड़ी ने 2008 में अमेरिकी ओपन खिताब जीता था। पेस ने अपने करियर का पांचवां मिश्रित युगल ग्रैंड स्लैम खिताब जीता है। ब्लैक ने अपने करियर का नौवां ग्रैंड स्लैम खिताब जीता है।
पेस और ब्लैक पिछले वर्ष विंबलडन और अमेरिकी ओपन के फाइनल में पहुंचे थे लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
पेस इससे पहले 2003 में अमेरिका की मार्टिना नवरातिलोवा के साथ आस्ट्रेलियन ओपन का मिश्रित खिताब जीत चुके हैं। पेस के नाम छह युगल खिताब भी दर्ज हैं।
इस जीत के साथ पेस ग्रैंड स्लैम खिताबों की दौड़ में महेश भूपति के बराबरी तक पहुंच गए हैं। भूपति ने अलग-अलग जोड़ीदारों के साथ अब तक कुल 11 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं।
भूपति ने पिछले वर्ष भारत की सर्वोच्च वरीय महिला खिलाड़ी सानिया मिर्जा के साथ आस्ट्रेलियन ओपन का मिश्रित युगल खिताब जीता था लेकिन इस बार यह जोड़ी पहले दौर से ही बाहर हो गई। भूपति के चोटिल होने के कारण यह जोड़ी अपना पहले दौर का मुकाबला नहीं खेल सकी थी।
ब्लैक इस वर्ष दो वर्गो के फाइनल में पहुंचीं लेकिन उन्हें एक में ही खिताब मिल सका। वह अमेरिकी खिलाड़ी लेजर ह्यूबर के साथ महिलाओं के युगल वर्ग के फाइनल में पहुंची थीं लेकिन सेरेना विलियम्स और वीनस विलियम्स के हाथों उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications