बारिश ने बढ़ाई टीम इंडिया की मुश्किलें (राउंडअप)

By Staff

बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान के कारण मंगलवार देर रात हुई जोरदार बारिश के कारण चौथे दिन का खेल समय से शुरू नहीं हो सका। खेल शुरू होने का निर्धारित समय 9.30 बजे था लेकिन दो बार मैदान का मुआयना करने के बाद आखिरकार खेल डेढ़ घंटे विलंब से शुरू हुआ।

इस दौरान भारत ने तीन विकेट झटक लिए लेकिन चायकाल से ठीक पहले आई बारिश ने उसे निराश कर दिया। अब इस मैच को अपने नाम करने के लिए भारत के पास सिर्फ एक दिन का समय है। मौसम संबंधी भविष्यवाणी को देखते हुए पांचवें दिन भी पूरे 90 ओवर का खेल संभव नहीं दिख रहा है। ऐसे में भारत का सर्वोच्च वरीय टेस्ट टीम का ताज बचाना मुश्किल दिख रहा है।

दो मैचों की श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका 1-0 से आगे है। नागपुर में खेले गए पहले मैच में उसने शानदार खेल दिखाते हुए भारत को एक पारी और छह रनों से पराजित किया था। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद का टेस्ट टीम का ताज बरकरार रखने के लिए भारतीय टीम को यह मैच किसी भी हाल में जीतना होगा जबकि भारत से यह ताज छीनने के लिए दक्षिण अफ्रीका को अब सिर्फ एक ड्रॉ की जरूरत है और इस काम में बारिश उसकी मदद करती नजर आ रही है।

बहरहाल, अंतिम बार खेल रोके जाने तक मेहमान टीम ने अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट खोकर 115 रन बनाए थे। हाशिम अमला 80 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 49 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि एश्वेल प्रिंस ने खाता नहीं खोला था। बाद में खेल के लायक रोशनी नहीं होने के कारण इसी स्कोर पर दिन का खेल समाप्त कर दिया गया।

दक्षिण अफ्रीका को 111 रन के कुल योग पर तीसरा झटका लगा था। लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने हरफनमौला खिलाड़ी जैक्स कैलिस को विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धौनी के हाथों कैच कराया। कैलिस ने 47 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौकों की सहायता से 20 रन बनाए। कैलिस ने हाशिम अलमा के साथ तीसरे विकेट के लिए 47 रन जोड़े।

मेहमान टीम को सलामी बल्लेबाज एल्वारो पीटरसन के रूप में दूसरा झटका लगा था। स्पिनर हरभजन सिंह ने पहली पारी में शानदार शतक लगाने वाले पीटरसन को पेवेलियन की राह दिखाई थी। पीटरसन 21 रन बनाकर हरभजन की गेंद पर एस. बद्रीनाथ के हाथों लपके गए। पीटरसन का विकेट 54 रन के कुल योग पर गिरा।

इससे पहले, मेहमान टीम ने 36 रन के कुल योग पर कप्तान ग्रीम स्मिथ का विकेट गंवाया था। स्मिथ 20 रन बनाकर मिश्रा की गेंद पर पगबाधा आउट करार दिए गए। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक मेहमान टीम ने बिना कोई विकेट खोए छह रन बनाए थे।

भारतीय टीम ने तीसरे दिन के तीसरे सत्र में छह विकेट के नुकसान पर 643 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी थी। भारत को कुल 347 रनों की बढ़त मिली थी। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 296 रन बनाए थे। इस लिहाज से मेहमान टीम अभी भी 232 रन पीछे चल रही है जबकि पारी की हार बचाने के लिए उसके सात विकेट शेष हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Wednesday, February 17, 2010, 5:39 [IST]
Other articles published on Feb 17, 2010
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+