वेबसाइट 'स्टफ डॉट को डॉट एनजेड' के मुताबिक लंदन स्थित क्रेयन्स के कानूनी सलाहकार एंड्रयू फिच हॉलैंड ने कहा है कि आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी को इस बात का स्पष्ट कारण बताना होगा कि आखिर क्रेयन्स का नाम नीलामी में शामिल 97 खिलाड़ियों की सूची में शामिल क्यों नहीं है।
हॉलैंड ने कहा है कि वह मोदी से इस बात का माफीनामा चाहते हैं कि उन्होंने क्रेयन्स की अनुमति के बगैर मीडिया के सामने उनके खिलाफ प्रतिष्ठा को धूमिल करने वाले बयान क्यों दिए हैं।
हॉलैंड ने कहा, "क्रेयन्स एक बेहद प्रतिष्ठित खिलाड़ी रहे हैं और मोदी एक बेहद प्रतिष्ठित पद पर आसीन हैं। ऐसे में उन्हें मीडिया के सामने एक सम्मानित खिलाड़ी के बारे में आपत्तिजनक बयान नहीं देना चाहिए था। यह मानहानि का मामला है और हम इस गंभीरता से ले रहे हैं।"
क्रेयन्स बागी इंडियन क्रिकेट लीग (आईसीएल) से नाता तोड़कर आईपीएल में खेलने के लिए क्रिकेट की मुख्यधारा में लौटे हैं। क्रेयन्स की आईसीएल टीम चंडीगढ़ लायंस के साथ दिनेश मोंगिया ने भी यही कदम उठाया है। मोंगिया का नाम नीलामी वाली सूची में शामिल है लेकिन क्रेयन्स को इससे दूर रखा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।