मेजबान टीम ने खबर लिखे जाने तक सलामी बल्लेबाज एश्वेल प्रिंस का विकेट गंवाकर अपनी पहली पारी में 195 रन बना लिए थे। उसे 165 रनों की बढ़त मिल चुकी है।
स्मिथ 182 गेंदों पर 16 चौकों की मदद से 103 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि हाशिम अमला ने 103 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 62 रन बनाए थे। दोनों बल्लेबाज 159 रनों की नाबाद साझेदारी कर चुके हैं।
मेजबान टीम को इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने पहला झटका दिया था। प्रिंस 48 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाकर ग्रीम स्वान के हाथों कैच आउट किए गए। दक्षिण अफ्रीका का यह विकेट 36 रन के कुल योग पर गिरा।
मेजबान टीम ने पहले दिन का खेल रोके जाने तक बिना कोई विकेट गंवाए 29 रन बनाए थे। प्रिंस 15 और स्मिथ 12 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। पहले दिन बारिश और खराब रोशनी के कारण 60 ओवरों का ही खेल हो सका था।
इससे पहले, मैच के पहले दिन मेजबान टीम ने तेज गेंदबाज डेल स्टेन (51/5) और मोर्न मोर्कल (39/3) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड टीम की पहली पारी 180 रन पर समेट दी थी।
इंग्लैंड ने अपने कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस (0) का विकेट मैच की पहली गेंद पर ही गंवा दिया था। इस झटके के बाद इंग्लैंड की टीम आगे कभी नहीं उबर सकी और 47.5 ओवरों में अपने सभी विकेट गंवा दिए। दक्षिण अफ्रीका के लिए रेयान मैक्लॉरेन और जैक्स कैलिस ने भी एक-एक सफलता अर्जित की।
39 रन के कुल योग पर चार विकेट गंवाने के बाद पॉल कोलिंगवुड और इयान बेल की अच्छी बल्लेबाजी के कारण इंग्लैंड को थोड़ी उम्मीद दिखी थी लेकिन 115 रन के कुल योग पर कोलिंगवुड और 133 के कुल योग पर बेल के पेवेलियन लौटने के साथ मेहमान टीम की रही सही उम्मीदें ध्वस्त हो गईं।
कोलिंगवुड 61 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 47 रन बनाकर आउट हुए जबकि बेल ने 86 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 35 रन बनाए। दोनोंे ने पांचवें विकेट के लिए 76 रन जोड़े।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।