नई दिल्ली। आईपीएल सीजन-12 के 23वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाईट राइडर्स को 7 विकेट से हरा दिया। कई फैंस अटकलें लगाए बैठे थे कि अनुभवी चेन्नई टीम को कोलकाता के विस्फोटक बल्लेबाजों से हार मिल सकती है। आंध्रे रसेल अपनी तूफानी पारी के लिए इस सीजन में पहचान बना बैठे हैं, पर चेन्नई के गेंदबाजों ने उन्हें तेजी से रन बटोरने नहीं दिए। मैच शुरू होने से पहले टर्बनेटर हरभजन सिंह की बेटी हिनाया हीर पलाहा ने पहले से ही भविष्यवाणी कर दी थी कि मुकाबला चेन्नई ही जीतेगी। हिनाया की इस भविष्यवाणी का वीडियो उनकी ही मां गीता बसरा ने शेयर किया है।
इस वीडियो में हरभजन की बेटी हिनाया से सवाल पूछा गया कि आज मैच कौन जीतेगा? इसके जवाब में हिनाया ने कहा, पापा। इसके बाद हिनाया से दूसरा सवाल पूछा गया कि पापा किस टीम में हैं तो हिनाया ने बताया कि सीएसके यानी चेन्नई सुपर किंग्स। इसके बाद हिनाया ने सीएसके के नाम को कई बार दोहराया। हिनाया चेन्नई-चेन्नई नाम दोहराने लगी।
बता दें कि चेन्नई के गेंदबाजों ने कोलकाता को 20 ओवर में 9 विकेट पर 108 रन ही बना दिए। हरभजन ने 15 रन देकर 2 विकेट लिए तो वहीं इमरान ने 21 रन देकर 2 शिकार किए। दीपक चाहर के खाते में 3 विकेट आए। इस जीत के साथ ही चेन्नई अब अंक तालिका में 10 अंकों के साथ पहले स्थान पर आ गई है। यह उसकी 6 मैचों में पांचवी जीत रही। इस मैच के बात कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने हरभजन की तारीफ करते हुए कहा कि हरभजन पुरानी वाइन की तरह हैं और लगातार परिपक्व हो रहे हैं। भज्जी ने जितने भी मैच खेले हैं उसमें दमदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 4 मैचों में 7 विकेट चटकाए हैं।