नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का पहला आज दिल्ली के फिरोज शाह कोटला मैदान में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। वनडे सीरीज में 2-1 से न्यूजीलैंड को मात देने के बाद भारतीय टीम टी20 सीरीज में भी जीत दर्ज करना चाहेंगी। ये मैच भारतीय तेज गेंदबाज आशीष नेहरा का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच होगा। लेकिन नेहरा के आखिरी मैच में विराट कोहली के आगे असमंजस की स्थिति है। न्यूजीलैंड के खिलाफ एक भी टी20 मैच न जीतने वाली टीम इंडिया हर हाल में जीतना चाहेंगी ऐसे में किस गेंदबाज की जगह नेहरा को खिलाया जाए ये थोड़ी असमंजस की स्थिति है।
सबसे अधिक मुश्किल कप्तान विराट कोहली के लिए है, क्योंकि नेहरा को टीम में रखने के बदले में उन्हें अपने एक मुख्य गेंदबाज की बलि चढ़ानी पड़ सकती है। न्यूजीलैंड के साथ हुए 5 टी-20 मुकाबले में भारत अभी तक एक भी मैच नहीं जीत पाया है। टीम मैनेजमेंट और विराट कोहली भावुकता को तरजीह देते हैं, या पहली जीत की तलाश में कड़े निर्णय लेंगे, यह देखना बेहद दिलचस्प होगा।
हालांकि अगर टीम की मौजूदा परिस्थितियों पर नजर डालें तो सभी गेंदबाज जबरदस्त फॉर्म में हैं। ऐसी स्थिति में कोहली भुवनेश्वर कुमार को बिठाकर नेहरा को प्लेइंग इलेवन में शामिल कर सकते हैं क्योंकि आखिरी वनडे में भुवी का प्रदर्शन थोड़ा निराशाजनक रहा था। हालांकि भुवी की काबिलियत पर किसी को संदेह नहीं है और वे हर हाल में अगले मैच में वापसी करेंगे। ऐसी स्थिति में कोहली को कुलदीप यादव और यजुवेंद्र चहल में से किसी एक स्पिनर को ही जगह देनी होगी। हालांकि पांड्या की जगह भी नेहरा को खिलाया जा सकता है लेकिन पांड्या टीम में एक ऑलराउंडर की भूमिका में हैं इसलिए उन्हें बाहर रखना मुश्किल है। हालांकि नेहरा के आखिरी मैच में कोहली उन्हें जरूर खिलाना चाहेंगे।
नेहरा ने अपने 26 टी20 मैचों में 34 विकेट झटके हैं। कुल मिलाकर नेहरा भारतीय टी20 टीम के सबसे अनुभवी गेंदबाज हैं। ऐसे में अपने आखिरी इंटरनेशनल मैच में नेहरा वो सब करना चाहेंगे जो उन्हें हमेशा याद रहे। नेहरा ने कीवी टीम के खिलाफ एक मैच खेला है जिसमें उन्हें मात्र एक विकेट ही मिला।