अहमदाबाद। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन अपने बयानों की वजह से अक्सर चर्चा में रहते हैं। एक बार फिर से माइकल वॉन ने आगामी टी-20 विश्वकप को लेकर ऐसा बयान दिया है जिसकी वजह से वह सुर्खियों में हैं। दरअसल इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टी-20 सीरीज में तीन मुकाबलों के नतीजे मुख्य रूप से टॉस जीतने वाली टीम के पक्ष् में गए हैं। पहले मैच में इंग्लैंड की टीम ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी, इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीता था। दूसरे मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीता और 7 विकेट से जीत दर्ज की। इसके बाद तीसरे मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीता और मैच में 8 विकेट से जीत दर्ज की।
जिस तरह से टॉस जीतने वाली टीम मैच जीत रही है उसको लेकर माइकल वॉन ने तंज कसते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट करके लिखा, ऐसा लगता है कि इस बार का टी-20 विश्वकप जोकि भारत में होना है उसे वो टीम जीतेगी जो सबसे ज्यादा टस जीतेगी। लेकिन माइकल वॉन की राय से इतर कप्तान विराट कोहली का मानना है कि अगर टीम टॉस हारती है तो हमे स्थिति को स्वीकार करते हुए खुद को पिच के लिहाज से ढालना होगा। कोहली ने इस बात को स्वीकार किया है कि इंग्लैंड के गेंदबाजों ने जबरदस्त गेंदबाजी की और भारतीय बल्लेबाजों के सामने मुश्किल खड़ी की।
मैच के बाद विराट कोहली ने कहा कि अगर आप टॉस हारते हैं तो आपको बतौर टीम इसे स्वीकार करना चाहिए। इंग्लैंड के गेंदबाजों ने नई गेंद से जबरदस्त गेंदबाजी की। पहले 6 ओवर में उन्होंने एक भी ढीली गेंद नहीं डाली, जिसकी वजह से बल्लेबाजों को काफी मुश्किल हुई। हमने वापसी की पूरी कोशिश की, लेकिन हम ऐसा कर नहीं सके। मुझे नहीं लगता है कि दूसरे हाफ में मैदान में हमारी बॉडी लैंग्वेज अच्छी थी, इसे कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता है। आप 160 रन के स्कोर को बचाने उतरे हैं तो आपको मैदान में और ऊर्जा और सोच के साथ उतरना होता है, लेकिन आज टीम में यह नहीं दिखा।
तीसरे मुकाबले में हार के बाद भारतीय टीम के सामने चौथे मुकाबले में वापसी का भारी दबाव होगा। सीरीज में इंग्लैंड की टीम 2-1 से आगे है। ऐसे में अगर चौथा मैच भारत हार जाता है तो सीरीज भी गंवा देगा। लिहाजा भारतीय टीम के लिए चौथा मुकाबला करो या मरो का है। चौथा मुकाबला 18 मार्च को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।