2nd ODI, IND vs WI: आंकड़ों में देखें आखिर क्यों विशाखापट्टनम के किंग हैं विराट कोहली
नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच बुधवार को विशाखापट्टनम के मैदान पर 3 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जायेगा। पहले मैच में कैरिबियाई खिलाड़ियों के हाथों 8 विकेट की करारी हार झेलने के बाद इस मैच में भारतीय टीम किसी भी हाल में जीत हासिल करना चाहेगी। अगर भारतीय टीम को सीरीज में बने रहना है तो यह मैच उसके लिये करो या मरो का काम करेगा। जहां इस मैच में भारतीय टीम का सही संयोजन विराट कोहली के लिये बड़ा सिरदर्द साबित हो सकता है वहीं खराब गेंदबाजी और फील्डिंग भी एक बड़ा सवाल खड़ा करती है।
और पढ़ें: 2nd ODI: दीपक चाहर ने बताया भारतीय टीम में घुसने का शॉर्टकट, कहा- आईपीएल से राह होती है आसान
विराट कोहली के सामने आज के मैच में कई सवाल हैं, जिसका उन्हें जवाब ढूंढना है। हालांकि मैदान पर कई ऐसे आंकड़े हैं जो भारतीय फैन्स को राहत दे सकते हैं। भारतीय कप्तान का यह 400वां मैच होगा और वो चाहेंगे कि इस मैदान पर जो उनका रिकॉर्ड रहा है उसे अपने ऐतिहासिक 400वें मैच में शानदार पारी से और खास बनायें।

विशाखापट्टनम में किंग कोहली का है दबदबा
विशाखापट्टनम के एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय कप्तान का बल्लेबाजी रिकॉर्ड दुनिया के किसी भी मैदान से बेहतर है। विराट कोहली ने इस मैदान पर अब तक 5 पारियां खेली है जिसमें 3 शतक समेत 549 रन बनाने का कारनामा किया है। इस मैदान पर विराट कोहली का औसत 139 का है। ऐसे में जब भारत को हर हाल में जीत की दरकार है तो विराट कोहली से एक कप्तानी पारी की उम्मीद की जा सकती है।

हेड टू हेड में भारत के पास बराबरी करने का मौका
भारत और वेस्टइंडीज दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 131 मैच खेले गए हैं जिसमें से भारत ने 62 और वेस्टइंडीज ने 63 मैचों में जीत हासिल की है। इस दौरान 2 मैच टाई और 4 बेनतीजा रहे हैं। आज का मैच अगर भारत जीतती है तो दोनों टीमों का जीत प्रतिशत बराबर हो जायेगा।

पहले फील्डिंग करने वाली टीम का रहा है बोलबाला
एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले गये पिछले 6 वनडे मैचों की बात करे तो पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने सिर्फ 1 बार जीत हासिल की है जबकि 5 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को जीत हासिल हुई है। ऐसा इसलिये भी हुआ है क्योंकि इस मैदान पर पहली पारी की तुलना में दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना ज्यादा आसान हो जाता है। हालांकि इस मैदान पर 2010 के बाद से पहली पारी का औसत बल्लेबाजी स्कोर 275 रन है। ऐसे में भारतीय टीम टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला ले सकती है।

शाई होप के लिये भी शानदार है यह मैदान
आखिरी बार भारत और वेस्टइंडीज के बीच इस मैदान पर खेला गया मैच टाई हो गया था। इस मैच में वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज शाई होप ने 123 रनों की पारी खेली थी। वह इस वक्त भी जबरदस्त फॉर्म में हैं और चेन्नई में शतक लगा चुके हैं, ऐसे में भारतीय गेंदबाज आज के मैच में इस बल्लेबाज से जल्द से जल्द मुक्ति पाना चाहेगी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
