2nd T20: राजकोट में वो 3 रिकॉर्ड जिन्हें तोड़ने से चूक गए रोहित शर्मा, जानें कितना करीब थे
नई दिल्ली। भारत और बांग्लादेश के बीच जारी टी20 सीरीज का दूसरा मैच पूरी तरह से कप्तान रोहित शर्मा के नाम रहा। साइक्लोन 'महा' की चपेट में आने के डर के बीच सौराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम पर दोनों टीमें मैच खेलने उतरी। जहां पर पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले गेंदबाजी करते हुए मैच के 7वें ओवर में भले ही कप्तान रोहित शर्मा के हाथों से कैच छूटा हो लेकिन जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी की उसके दम पर भारत के हाथों से मैच नहीं छूटने दिया।
और पढ़ें: 2nd T20: राजकोट में रोहित ने तोड़ा छक्कों से कई रिकॉर्ड, लेकिन इस खिलाड़ी ने छोड़ा पीछे
रोहित शर्मा ने राजकोट के मैदान पर 43 गेंदों में 85 रन की आतिशी पारी खेली और कई सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर अपना नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज कराया। हालांकि मैच के बाद खुद कप्तान रोहित शर्मा का मानना था कि वो गलत समय पर आउट हो गए। अगर वह कुछ देर और बल्लेबाजी करते तो टीम को जीत दिलाकर मैदान पर वापस लौटते।
गौरतलब है कि इस मैच में भले ही रोहित शर्मा ने कई सारे रिकॉर्ड अपने नाम कर लिये लेकिन अगर कुछ देर और बल्लेबाजी करते तो शायद यह रिकॉर्ड भी उनके नाम हो जाते।
और पढ़ें: चहल टीवी पर रोहित शर्मा ने खोला छक्के लगाने का राज, बताया-मारना चाहते थे 6 छक्के
आइये एक नजर डालते हैं उन रिकॉर्ड पर जिनसे रोहित शर्मा चूक गए।

400 छक्के लगाने से चूके रोहित शर्मा
राजकोट के मैदान पर आतिशी पारी खेलते हुए रोहित शर्मा ने 6 छक्के और 6 चौके लगाये। इसके साथ ही रोहित शर्मा की अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में छक्का लगाने की संख्या 398 हो गई। इस पारी के दौरान अगर रोहित शर्मा 2 छक्के और जड़ देते तो वह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 400 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय और दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बन जाते। रोहित ने इस मैच में 3 गेंद में लगातार 3 छक्के लगाये थे।

सिर्फ 2 गेंद पहले जड़ते हॉफ सेंचुरी तो तोड़ते खुद का रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने मैदान पर उतरते ही अपने इरादे साफ कर दिये थे जब उन्होंने चौके के साथ अपनी पारी का आगाज किया। रोहित शर्मा ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 23 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। वैसे तो यह अर्धशतक काफी तेज था लेकिन अगर इस पारी के दौरान रोहित शर्मा सिर्फ 2 गेंद पहले यह अर्धशतक पूरा कर लेते तो वह खुद का ही रिकॉर्ड तोड़ लेते। टी20 में सबसे तेज अर्धशतक लगाने के मामले में रोहित शर्मा ने 22 गेंदे लेकर रिकॉर्ड बनाया हुआ है। अगर इस मैच में वह 2 गेंद पहले यह कारनामा करते तो वह खुद का ही रिकॉर्ड ध्वस्त कर देते।

5वां टी20 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बनने से चूके
बल्लेबाजी के लिए उपयुक्त राजकोट के मैदान पर रोहित शर्मा जिस हिसाब से बल्लेबाजी कर रहे थे शायद ही किसी को लगा हो कि वह इस मैच में अपना 5वां टी20 शतक लगाने से चूक जाएंगे। रोहित शर्मा ने इस मैच में 43 गेंदें खेलकर 85 रनों की पारी खेली। अगर रोहित शर्मा इस मैच में शतक लगा देते तो वह टी20 में 5 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाते, हालांकि टी20 में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में वह पहले से ही टॉप पर काबिज हैं।

सुरेश रैना को पीछे छोड़ दूसरे नंबर पर पहुंचे हिटमैन
राजकोट के मैदान पर ताबड़तोड़ पारी खेल रोहित शर्मा ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। अंतर्राष्ट्रीय टी20 में भले ही रोहित शर्मा सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हों लेकिन टी20 प्रारूप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय की बात करें तो वह इस मैच से पहले तीसरे नंबर पर काबिज थे। हालांकि 85 रन की पारी खेलकर रोहित शर्मा ने सुरेश रैना को पीछे छोड़ दिया और दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। रोहित शर्मा ने 307 टी20 पारियों में 8406 रन बना लिये हैं। इस लिस्ट में विराट कोहली 8556 रनों के साथ टॉप पर काबिज हैं जबकि सुरेश रैना 8392 रनों के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
