वनडे कप्तानी के 3 बड़े रिकॉर्ड जिसे तोड़ने की दहलीज पर थे कोहली, अब नाम नहीं होगी यह उपलब्धि
नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जाने वाली 3 मैचों की टेस्ट और वनडे सीरीज के लिये चयन समिति ने बुधवार को 18 सदस्यीय टीम का ऐलान किया। टीम के ऐलान के साथ ही चयनसमिति ने सीमित ओवर्स की कप्तानी को लेकर भी बड़ा फैसला लिया और विराट कोहली से वनडे प्रारूप की कप्तानी छीन कर रोहित शर्मा को टी20 और वनडे टीम की कमान सौंप दी। उल्लेखनीय है कि भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टी20 विश्वकप 2021 के बाद ही क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप की कमान छोड़ दी थी, लेकिन उन्होंने वनडे प्रारूप की कमान को संभालने का काम जारी रखने की इच्छा जाहिर की थी। हालांकि बुधवार को जब साउथ अफ्रीका दौरे के लिये टीम का ऐलान हुआ तो चयनकर्ताओं ने कोहली को कप्तानी से हटाकर रोहित शर्मा को नया कप्तान बना दिया है।
और पढ़ें: Ashes 2021: बेन स्टोक्स के नो बॉल विवाद पर डेविड वॉर्नर ने तोड़ी चुप्पी, जानें क्या कहा
कप्तानी की बात करें तो विराट कोहली ने इस प्रारूप में भारत के लिये कई शानदार रिकॉर्ड अपने नाम किये हैं और 95 मैचों में से 65 में जीत दिलाने का काम किया है। जीत प्रतिशत के मामले में विराट कोहली (72.77) का रिकॉर्ड भारत के पूर्व कप्तानों महेंद्र सिंह धोनी और सौरव गांगुली से बेहतर है। रिकॉर्ड की बात करें तो विराट कोहली ने अपने करियर के दौरान कई बड़े आंकड़े अपने नाम किये हैं और वनडे प्रारूप में बतौर कप्तान कुछ बड़े आंकड़े अपने नाम करने की दहलीज पर भी खड़े थे, हालांकि चयनकर्ताओं के इस ऐलान के बाद अब उनका इन रिकॉर्ड को तोड़ पाना नामुमकिन हो गया है। आइये एक नजर उन आंकड़ों पर डालते हैं-
और पढ़ें: वनडे की कप्तानी छोड़ने से कोहली ने किया था इंकार, 48 घंटे के अल्टीमेटम के बाद BCCI ने छीनी कमान

सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान का रिकॉर्ड
भारत के लिये वनडे क्रिकेट में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी के नाम है जिन्होंने 200 मैचों की 172 पारियों में 6641 रन बनाये थे। धोनी ने इस दौरान 53.56 की औसत से रन बनाते हुए 6 शतक और 47 अर्धशतक लगाने का काम किया था। वहीं पर विराट कोहली ने 72.65 की औसत से 95 मैचों की 91 पारियों में 5404 रन बना लिये थे। बतौर कप्तान वह धोनी के रनों के आंकड़े को पीछे छोड़ने से 1237 रन दूर रह गये थे। अगर कोहली को उनकी इच्छा के अनुसार 2023 वनडे विश्वकप तक कप्तानी करने का मौका दिया जाता तो वो इस रिकॉर्ड को तोड़ने से चूकते नहीं।

पोंटिंग का रिकॉर्ड तोड़ने से चूके कोहली
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने की बात करें तो सचिन तेंदुलकर के बाद विराट कोहली (70 शतक) का ही नाम दूसरे भारतीय के तौर पर लिया जाता है। विराट कोहली ने इस दौरान वनडे प्रारूप में कप्तानी करते हुए 21 शतकीय और 27 अर्धशतकीय पारियां भी खेली हैं और भारत के लिये बतौर कप्तान सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उन्होंने इस मामले में सौरव गांगुली (11 शतक) और महेंद्र सिंह धोनी (6 शतक) के रिकॉर्ड को तोड़ा है, हालांकि वो दुनिया में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले कप्तान की लिस्ट में अपना नाम सबसे ऊपर लिखने से चूक गये हैं।
इस फेहरिस्त में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग (22 शतक) का नाम सबसे ऊपर है जबकि विराट कोहली (21 शतक) दूसरे पायदान पर काबिज हैं। ऐसे में अगर कोहली 2023 विश्वकप तक वनडे प्रारूप की कप्तानी करते तो इस मामले में पोंटिंग को काफी पीछे छोड़ सकते थे, हालांकि अब यह पूरा नहीं हो पायेगा।

विदेशी सरजमीं पर सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले कप्तान
बतौर कप्तान विराट कोहली ने 21 शतक जड़ने का कारनामा किया है जिसमें से 9 शतक उन्होंने घरेलू सरजमीं पर तो वहीं पर 12 शतक विदेशी सरजमीं पर ठोंकने का काम किया है। वह विदेशी सरजमीं पर सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले कप्तानों की लिस्ट में रिकी पोंटिंग (12 शतक) के साथ संयुक्त रूप से टॉप पर काबिज हैं, हालांकि अगर वो कप्तानी जारी रख पाते तो इस मामले में सबसे आगे निकल सकते थे। विराट कोहली ने बतौर कप्तान विदेशी सरजमीं पर खेली गई 56 पारियों में 12 शतक लगाये हैं तो वहीं पर रिकी पोंटिंग ने 134 पारियों में यह कारनामा किया था। सौरव गांगुली ने 107 पारियों में 9 शतक जड़े थे तो वहीं पर एबी डिविलियर्स 65 पारियों में 8 शतक लगाये थे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
