वनडे की कप्तानी छोड़ने से कोहली ने किया था इंकार, 48 घंटे के अल्टीमेटम के बाद BCCI ने छीनी कमान
नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जाने वाली द्विपक्षीय सीरीज के लिये बुधवार को भारतीय चयन समिति ने 18 सदस्यीय टीम का ऐलान करने के साथ ही इंडियन टीम में स्प्लिट कैप्टेंसी को लेकर भी बड़ा फैसला किया। बीसीसीआई की ओर से जारी की गई प्रेस रिलीज में साउथ अफ्रीकी दौरे के लिये टीम का ऐलान करने के साथ ही वनडे प्रारूप की कप्तानी पर बड़ा फैसला लेते हुए रोहित शर्मा को कमान सौंपने की जानकारी दी। इसके साथ ही रोहित शर्मा अब भारतीय क्रिकेट टीम के लिये पूरी तरह से सीमित ओवर्स प्रारूप की कप्तानी संभालते नजर आयेंगे जबकि विराट कोहली टेस्ट प्रारूप में टीम का नेतृत्व करना जारी रखेंगे।
और पढ़ें: IND vs SA: 3 कारण जिसके चलते BCCI ने छीनी कोहली से वनडे की कप्तानी, अब रोहित संभालेंगे कमान
विराट कोहली ने आईपीएल 2021 के दौरान ही टी20 प्रारूप की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया था, जिसके कुछ समय बाद आरसीबी की भी कप्तानी छोड़ने की जानकारी दी। हालांकि उन्होंने इस दौरान साफ किया था कि वो 2023 वनडे विश्वकप तक भारतीय टीम की कमान संभालना जारी रखेंगे। कप्तानी छोड़ने के हर फैसले की जानकारी अब तक खुद विराट कोहली के जरिये मिल रही थी लेकिन वनडे प्रारूप की कप्तानी पर ऐसा क्या हुआ जो विराट कोहली के बजाय बीसीसीआई को इस बात का ऐलान करना पड़ा।

कोहली ने छोड़ी नहीं तो बीसीसीआई ने छीनी कप्तानी
फैन्स को इस बात पर यकीन नहीं हो रहा था कि विराट कोहली ने वनडे की कप्तानी छोड़ने के फैसले की जानकारी खुद क्यों नहीं दी। जिसके कुछ घंटे बाद ऐसी रिपोर्ट सामने आयी जिन्होंने चौंकाने वाला खुलासा किया कि विराट कोहली ने अपनी मर्जी से वनडे प्रारूप की कप्तानी छोड़ने का फैसला नहीं किया बल्कि बोर्ड ने उन्हें हटाया है। इसका मतलब साफ है कि अब तक अपनी मर्जी से कप्तानी छोड़ रहे विराट कोहली से वनडे प्रारूप की कप्तानी छीनी गई है।
रिपोर्ट के अनुसार बीसीसीआई ने टीम का ऐलान करने से पहले रोहित शर्मा और विराट कोहली से बात की, जिसमें चयन के अलावा इस मुद्दे पर भी बात की गई। चयन समिति ने विराट कोहली को वनडे प्रारूप की कप्तानी पर अपना फैसला सुनाते हुए उन्हें 48 घंटे का समय दिया जिसमें वो खुद कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर सकते हैं, हालांकि जब ऐसा नहीं हुआ तो चयन समिति ने प्रेस रिलीज में खुद इस बात का ऐलान करते हुए उनकी वनडे कप्तानी पर पूर्ण विराम लगा दिया।

मल्टी नेशन टूर्नामेंट में लगातार खराब रहा कोहली की कप्तानी का प्रदर्शन
गौरतलब है कि चयन समिति के इस फैसले का मतलब है कि विराट कोहली के सीमित ओवर्स प्रारूप की कप्तानी का करियर बिना किसी आईसीसी खिताब के साथ खत्म हो गया है। कोहली ने 2017 में महेंद्र सिंह धोनी के हर प्रारूप की कप्तानी छोड़ने के बाद पूरी तरह से टीम की कमान संभाली थी और तब से लेकर अब तक सीमित ओवर्स प्रारूप के 3 टूर्नामेंट का हिस्सा बने। कोहली ने भारतीय टीम का नेतृत्व करते हुए 95 मैच खेले जिसमें से टीम को 65 मैचों में जीत भी मिली लेकिन आईसीसी इवेंट में टीम को खिताब दिलाने का सूखा जारी रहा। कोहली की कप्तानी में भारत को 2017 के चैम्पियन्स ट्रॉफी फाइनल में पाकिस्तान से हार मिली जबकि 2019 विश्वकप के सेमीफाइनल में कीवी टीम ने बाहर का रास्ता दिखाया।
विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के पहले संस्करण में भारत को फिर से फाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा जबकि 2021 के टी20 विश्वकप में टीम लीग स्टेज से ही बाहर हो गई। इस बीच कोहली की कप्तानी में आरसीबी की टीम एक भी खिताब हासिल करने में नाकाम रही। कप्तानी के मामले में जब भी खिताब की बात आती तो विराट कोहली हमेशा पीछे नजर आये, तो वहीं पर रोहित शर्मा लगातार अपना कद बढ़ा रहे थे, जिसे देखते हुए बोर्ड ने यह फैसला लिया।

रोहित के कप्तानी रिकॉर्ड में लगातार हुई है बढ़ोतरी
रोहित शर्मा ने टी20 विश्वकप 2021 के बाद भारत के टी20 प्रारूप की कमान संभाली थी और अब साउथ अफ्रीका दौरे पर वनडे प्रारूप का नेतृत्व करने के साथ ही यह पहली बार होगा जब बीसीसीआई स्प्लिट कैप्टेंसी पर मुहर लगाता नजर आयेगा। उल्लेखनीय है कि टी20 विश्वकप में भारत के खराब प्रदर्शन के बाद ऐसी उम्मीद जताई जा रही थी कि चयन समिति बोर्ड से वनडे प्रारूप की कप्तानी लेकर रोहित शर्मा को सौंपने का फैसला कर सकता है, हालांकि 8 दिसंबर को यह रिपोर्ट पूरी तरह सच साबित हुई। इसके साथ ही रोहित शर्मा को टेस्ट प्रारूप में टीम के नये उपकप्तान के रूप में भी शामिल किया गया।
रोहित शर्मा ने 2013 में मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभाली थी और अब तक 5 बार टीम को खिताब दिला चुके हैं। इतना ही नहीं भारत के लिये भी वो 10 वनडे मैचों की कप्तानी कर चुके हैं जिसमें 8 बार जीत हासिल की है। इस दौरान उन्होंने 2018 का एशिया कप भी जिताया। वहीं टी20 प्रारूप में टीम ने 22 मैचों में से 18 में जीत हासिल की है। हाल ही में टी20 प्रारूप की कमान संभालने के बाद रोहित की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने 3-0 से न्यूजीलैंड को क्लीन स्वीप किया था।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
