IND vs BAN: 1000वें टी20 मैच में बांग्लादेश ने रचा इतिहास, भारत के खिलाफ दर्ज की पहली जीत
नई दिल्ली। भारत और बांग्लादेश के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गए पहले टी20 मैच में बांग्लादेश की टीम ने आखिरकार भारत के खिलाफ पहली जीत हासिल कर इतिहास रच दिया। अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट की ओर से दोनों टीमों के बीच खेला जा रहा यह मैच टी-20 प्रारूप का अब तक का 1000वां अंतर्राष्ट्रीय मैच था जिसमें बांग्लादेश की टीम ने भारत को 7 विकेट से हरा दिया। इससे पहले टी20 में बांग्लादेश की टीम का भारत के खिलाफ सूपड़ा साफ था और उसने लगातार 8 हार के बाद मुश्फिकुर रहीम के 60 रनों की पारी की बदौलत जीत दर्ज की।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 148 रन बनाये जिसका पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने मुश्फिकुर रहीम की अर्धशतकीय पारी के दम पर 3 गेंद रहते जीत हासिल कर ली।
और पढ़ें: IND vs BAN: चहल टीवी पर दिखे श्रेयस अय्यर और शिवम दुबे, बताया कौन लगाता है सबसे लंबे छक्के

भारत के लिए कई मुश्किलें खड़ी कर सकती है यह हार
दिल्ली में भारत के लिए यह हार मुश्किलों की वजह बन सकता है। इस हार से न सिर्फ सीरीज में भारत 0-1 से पीछे हो गया है बल्कि यहां से होने वाले बचे दोनों मैच उसके लिये नॉकआउट बन गए हैं। वहीं पिछले 10 टी20 मैचों में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत का रिकॉर्ड बद से बदतर होता जा रहा है। पिछले लगातार 5 मैचों में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को हार का सामना करना पड़ा है ऐसे में अगर भारत की नजरें अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप पर हैं तो उसे उसकी राह बड़ी कठिन हो जाएगी।

भारत ने की खराब शुरुआत, पहले ओवर में रोहित आउट
फिरोजशाह कोटला मैदान पर टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत खराब रही और कप्तान रोहित शर्मा (9) पहले ही ओवर में शैफुल इस्लाम की गेंद पर आउट हो गए। रोहित ने पांच गेंदों पर दो चौके लगाए। रोहित के आउट होने के बाद भारत की रन गति पर धीमी हो गई और उसने पहले छह ओवरों में केवल 35 रन बनाए।
पॉवरप्ले के खत्म होने के बाद लोकेश राहुल (15) अमिनुल इस्लाम की गेंद पर कप्तान महमुदुल्लाह को कैच थमा बैठे। राहुल ने 17 गेंदों पर दो चौके लगाए। राहुल और शिखर धवन (41) के बीच दूसरे विकेट के लिए 26 रनों की साझेदारी हुई।
राहुल के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर भी 13 गेंदों पर एक चौके और दो छक्के की मदद से 22 रन बनाकर आउट हो गए। अय्यर ने शिखर के साथ तीसरे विकेट के लिए 34 रन जोड़े।

वाशिंगटन सुंदर- क्रुणाल पांड्या ने बचाई लाज, आखिरी 2 ओवर में जोड़े 30 रन
भारत को चौथा झटका 95 रन के स्कोर पर शिखर के रूप में लगा। विकेट पर अपनी नजरें जमा चुके शिखर 14.5 ओवर में रन आउट हो गए। शिखर ने 42 गेंदों पर तीन चौके एक और एक छक्का लगाया। भारतीय टीम इसके बाद अंतिम पांच ओवरों में 53 रन जोड़े, जिसमें से अंतिम दो ओवरों में 30 रन शामिल है।
ऋषभ पंत ने 25 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 27, अपना पर्दापण मैच खेल रहे शिवम दुबे ने 1, क्रुणाल पांडया ने आठ गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 15 और वाशिंगटन सुंदर ने पांच गेंदों पर दो छक्कों की मदद से नाबाद 14 रनों का योगदान दिया। बांग्लादेश की ओर से अमिनुल इस्लाम और शैफुल इस्लाम ने दो-दो जबकि आफिफ हुसैन ने एक विकेट लिया।

खराब शुरुआत के बाद बांग्लादेश ने खुद को संभाला
भारत की ओर से 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम की शुरुआत भी खराब रही। लिटन दास पहले ही ओवर में दीपक चहर का शिकार बनें। लेकिन इइसके बाद सौम्य सरकार और मोहम्मद नईम ने बांग्लादेश की पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी की। युजवेंद्र चहल ने भारत के लिए दूसरी सफलता हासिल की।
मोहम्मद नईम 26 रन बनाकर वापस पवेलियन लौटे। नईम के जाने के बाद मुश्फिकुर रहीम बल्लेबाजी करने आये और तीसरे विकेट के लिये सौम्य सरकार के साथ अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। खलील अहमद ने सौम्य सरकार को 39 रन के स्कोर पर बोल्ड मार वापस पवेलियन भेजा।

क्रुणाल ने छोड़ा कैच और टीम हार गई मैच
सौम्य सरकार के आउट होने के बाद कप्तान महमदुल्लाह ने मुश्फिकुर रहीम के साथ पारी को आगे बढ़ाया। पारी के 18वें ओवर में युजवेंद्र चहल गेंदबाजी करने आये। ओवर की तीसरी गेंद पर मुश्फिकुर रहीम ने उठा कर शॉट मारा जो कि सीधा क्रुणाल पांड्या के हाथों में पहुंच गया। क्रुणाल के हाथ में गेंद लगकर छिटक गई और 4 रन भी मिल गए। इस वक्त मुश्फिकुर 38 रन के निजी स्कोर पर थे। इसके बाद मुशफिकुर ने कोई मौका नहीं दिया और 60 रनों की पारी खेल बांग्लादेश की टीम को 3 गेंद शेष रहते भारत के खिलाफ पहली जीत दिलाई।
बांग्लादेश के लिए सौम्य सरकार ने 39 रन और कप्तान महमुदुल्लाह ने 15 रन की पारियां खेली। महमदुल्लाह ने टीम के लिए विजयी सिक्स जड़ा।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
