Ashes 2021-22: लगातार तीसरे मैच में जारी है ऑस्ट्रेलिया का दबदबा, मेलबर्न में भी बिखरी इंग्लैंड
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की एशेज टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच शुरू हो गया है जिसका पहला दिन पूरी तरह से कंगारू टीम के नाम रहा। पहले दो मैचों में एकतरफा जीत हासिल कर मेलबर्न में बॉक्सिंग डे टेस्ट खेलने पहुंची ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कप्तान पैट कमिंस के इस फैसले को ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने बिल्कुल सही साबित किया और महज 65.1 ओवर की गेंदबाजी में इंग्लैंड की पूरी टीम को समेट दिया। इंग्लैंड के बल्लेबाज इस दौरान बुरी तरह संघर्ष करते नजर आये और 185 रन पर सिमट गये। जवाब में ऑस्ट्रेलिया के लिये मार्कस हैरिस (20) और डेविड वॉर्नर (38) ने अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिये 57 रनों की अर्धशतकीय साझेदारी कर डाली।
दिन का खेल खत्म होने से पहले जेम्स एंडरसन ने वॉर्नर का विकेट जरूर लिया पर ऑस्ट्रेलिया की टीम ने बोर्ड पर 61 रन जोड़कर अपनी टीम को मजबूत शुरुआत दिला दी है। एंडरसन ने अपने टेस्ट करियर में 10वीं बार वॉर्नर का विकेट लिया और सबसे ज्यादा बार उनका विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बने। दिन का खेल खत्म होने तक कंगारू टीम पहली पारी में इंग्लैंड के स्कोर से 124 रन पीछे रह गई है, ऐसे में इंग्लिश टीम को सीरीज में जिंदा रहने के लिये हर हाल में वापसी की दरकार है।
और पढ़ें: IND vs SA: द्रविड़ के आने से टॉस में भी बदली भारतीय टीम की किस्मत, क्या रहाणे को मिला है आखिरी मौका
टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिये कप्तान पैट कमिंस ने पहली सफलता दिलाई और दूसरे ओवर में सलामी बल्लेबाज हासिब हमीद को डक पर वापस पवेलियन भेजा। वहीं पर सीरीज में पहली बार खेल रहे जैक क्राउली (12) भी 8वें ओवर में कमिंस की गेंद का शिकार बने। उल्लेखनीय है कि एशेज टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड की टीम के लिये सलामी बल्लेबाजी पूरी तरह से फ्लॉप रही है, जिसकी वजह से टीम मैनेजमेंट ने इस मैच में रॉरी बर्न्स को बाहर बिठाकर क्राउली को मौका दिया लेकिन वह भी कामयाब नहीं हुए।
इंग्लैंड के लिये इस पूरे दौरे पर जो रूट (50) और डेविड मलान (14) की जोड़ी ने पारी को संभालने और रन बनाने का काम किया है, लेकिन इस मैच में यह जोड़ी भी ज्यादा कामयाब नहीं हो सकी। दोनों ने तीसरे विकेट के लिये 48 रनों की साझेदारी की लेकिन पैट कमिंस ने मलान का विकेट लेकर लगातार तीसरी सफलता दिलाई। इस दौरान कप्तान जो रूट ने एक बार फिर से अर्धशतक पूरा कर लिया लेकिन मिचेल स्टार्क ने उनका विकेट लेकर इंग्लैंड की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया।
और पढ़ें: IND vs PAK: अब एशिया कप में पाकिस्तान ने भारत को हराया, मैच की आखिरी गेंद पर निकला नतीजा
जो रूट के आउट होने के बाद इंग्लैंड के लिये बेन स्टोक्स (25), जॉनी बेयरस्टो (35), ऑली रॉबिन्सन (22) और जैक लीच (13) ने छोटी-छोटी पारियां खेली लेकिन नियमित अंतराल पर अपना विकेट गंवाते चले गये। इसकी वजह से इंग्लैंड की पूरी टीम 185 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया के लिये पैट कमिंस (3 विकेट) के अलावा नाथन लॉयन (3 विकेट), मिचेल स्टार्क (2 विकेट), स्कॉट बोलैंड (1 विकेट) और कैमरून ग्रीन (1 विकेट) ने भी विकेट हासिल किये। आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया की टीम फिलहाल सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाये हुए है और मेलबर्न टेस्ट का पहला दिन जिस तरह से बीता है उसे देखते हुए यह बढ़त 3-0 होती नजर आ रही है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications