ENG vs AUS: बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिये टीम में लौटे जॉनी बेयरस्टो, इंग्लैंड ने किये 4 बदलाव
नई दिल्ली। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही 5 मैचों की एशेज टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाना है, जिसके लिये इंग्लिश टीम ने अपनी प्लेइंग 11 का ऐलान किया है। इंग्लैंड की टीम ने तीसरे टेस्ट मैच के लिये अपनी प्लेइंग 11 में 4 बदलाव किये हैं, जिसका आगाज 26 दिसंंबर से होना है। एशेज की मौजूदा सीरीज में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले दो मैचों में जीत हासिल कर 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है, ऐसे में इंग्लैंड की टीम तीसरे मैच में जीत हासिल कर सीरीज में वापसी करना चाहेगी, जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम सीरीज में अजेय बढ़त बनाने की ओर देखेगी।
पहले दो मैचों में हार का सामना करने के बाद इंग्लिश टीम के खेमे में पैनिक बटन दब गया है और अब वो वापसी करने के लिये बेकरार है। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने गाबा में खेले गये पहले टेस्ट मैच में 9 विकेट से जीत हासिल की तो वहीं पर एडिलेड टेस्ट में 275 रनों से मात दी। इंग्लैंड की टीम के लिये सलामी बल्लेबाज रॉरी बर्न्स को तीसरे टेस्ट मैच से बाहर कर दिया गया है, जिन्होंने पहले 2 मैच की 4 पारियों में 12.75 की औसत से सिर्फ 51 रन बनाये हैं और उनकी जगह जैक क्रॉउली की टीम में वापसी हुई है।

टीम में लौटे जॉनी बेयरस्टो
इतना ही नहीं इंग्लैंड की टीम में जॉनी बेयरस्टो की भी वापसी हुई है, जिन्हें पहले दो मैचों में मौका नहीं मिला था। वह टीम में ऑली पोप की जगह ले रहे हैं। इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी क्रिस वोक्स जिन्होंने पहले दो मैचों में 26.25 की औसत से 105 रन बनाये और सिर्फ 3 विकेट हासिल किये, वो भी प्लेइंग 11 में अपनी जगह बनाये रखने में नाकाम रहे। वहीं दूसरे मैच में वापसी करने वाले स्टुअर्ट ब्रॉड को भी बाहर कर दिया गया है, जो कि एडिलेड टेस्ट में खेले थे और सिर्फ एक विकेट हासिल करने में कामयाब हुए थे।

जैक लीच की हुई वापसी, मार्क वुड को भी मिली जगह
इंग्लैंड की टीम ने इन दोनों खिलाड़ियों की जगह प्लेइंग 11 में स्पिनर जैक लीच और तेज गेंदबाज मार्क वुड को शामिल किया है। उल्लेखनीय है कि एडिलेड टेस्ट में इंग्लैंड की टीम ने सिर्फ तेज गेंदबाजों पर भरोसा दिखाया, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। जहां इंग्लिश टीम के पास स्पिनर न होने का नुकसान दिखा तो वहीं पर ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिये नाथन लॉयन ने शानदार गेंदबाजी की।

बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिये जानें कैसी है इंग्लैंड की प्लेइंग 11
गौरतलब है कि इंग्लैंड की टीम के लिये मौजूदा समय में सिर्फ डेविड मलान और जो रूट ही वो खिलाड़ी रहे हैं, जिन्होंने रन बनाये हैं, हालांकि कंगारू टीम की जीत के चलते उनकी कोशिशें अब तक बेकार ही साबित हुई हैं। आपको बता दें कि पहले दो मैच में मिली हार के बाद जो रूट की कप्तानी की आलोचना की जा रही है, जिसको देखते हुए रूट ने एडिलेड टेस्ट के बाद गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया था, हालांकि एंडरसन को उनका यह पसंद नहीं आया और उन्होंने पलटवार किया।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: हसीब हमीद, जाक क्रॉली, डेविड मलान, जो रूट (कप्तान), बेन स्टोक्स, जॉनी बेयरस्टो, जोस बटलर (विकेटकीपर), मार्क वुड, ओली रॉबिन्सन, जैक लीच, जेम्स एंडरसन।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
