Ashes 2021-22: नाथन लॉयन पर पीटरसन के दिये बयान से भड़के रिकी पोंटिंग, दिया करारा जवाब
नई दिल्ली। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही 5 मैचों की एशेज टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच एडिलेड के मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर लगातार दूसरे मैच में जीत हासिल करने से ऑस्ट्रेलिया की टीम महज 6 विकेट दूर है। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पहले मैच में 9 विकेट से जीत हासिल कर 1-0 की बढ़त हासिल की थी और जब एडिलेड के मैदान पर दूसरा टेस्ट मैच खेलने उतरी तो उसी लय को बरकरार रखने उतरी। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 473 रन बनाये और पारी घोषित कर दी, जवाब में इंग्लैंड की टीम की खराब बल्लेबाजी जारी रही और मैच के तीसरे दिन ही 236 पर सिमट गई।
इंग्लैंड की इस शर्मनाक पारी के बाद पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए नॉथन लॉयन पर निशाना साधा और कहा कि कोई प्लीज जीरो वैरिएशन वाले इस गेंदबाज की पिटाई कर दो। पीटरसन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि दुनिया की सबसे सपाट पिच पर एक ऐसा गेंदबाज जिसके पास कोई वैरिएशन नहीं है, कोई उसके पीछे क्यों नहीं जा रहा है, प्लीज कोई उसकी पिटाई कर दो।
और पढ़ें: U19 World Cup 2022 के लिये बीसीसीआई ने किया टीम का ऐलान, जानें कौन हैं यश धुल जो बने कप्तान

पीटरसन के बयान पर भड़के पोंटिंग
केविन पीटरसन का यह ट्वीट बहुत सारे ऑस्ट्रेलियाई फैन्स और दिग्गजों को पसंद नहीं आया, जिसके चलते उन्होंने पीटरसन की आलोचना करनी शुरू कर दी। इस फेहरिस्त में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का नाम भी शामिल है, जिन्होंने पीटरसन के ट्वीट पर करारा जवाब दिया। पोंटिंग ने चैनल 7 पर कॉमेंट्री करते हुए पीटरसन के बयान पर जवाब दिया कहा कि मुझे उम्मीद है कि केविन पीटरसन इसे देख रहे हों। क्रिकेट के सबसे महान खिलाड़ी ने एक और विकेट अपने नाम कर लिया है। यह सर्वोच्च स्तर के ऑफ स्पिन गेंदबाज हैं।

खुद पीटरसन को इसी सपाट पिच पर 4 बार किया है आउट
ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व कप्तान यहीं पर नहीं रुके और कहा कि लॉयन ने अपनी गेंदबाजी के दौरान चार बार केविन पीटरसन को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापस भेजा है।
उन्होंने कहा,'400 टेस्ट विकेट, इतना ही नहीं केविन पीटरसन और नाथन लॉयन के बीच जब भिड़ंत हुई तो उन्होंने एडिलेड के इसी मैदान पर 163 रन देकर 4 बार आउट किया है। दुनिया की सबसे सपाट पिच, केविन पीटरसन ने यहां पर 23 गेंदों में सिर्फ 14 रन बनाये जिसमें से 15 डॉट बॉल और सिर्फ एक बाउंड्री, कम ऑन केव।'

क्या 400 विकेट का मतलब अटैक नहीं करना है
वहीं पोंटिंग के इस ताने का जवाब केविन पीटरसन ने ट्विटर के जरिये दिया और कहा कि मेरे बयान पर बहुत सारे ऑस्ट्रेलियाई फैन्स ने सवाल खड़े किये हैं पर मैं यह पूछना चाहता हूं कि अगर आपने 400 विकेट ले लिये हैं तो क्या आपके खिलाफ बल्लेबाज अटैक करना छोड़ दे।
उन्होंने लिखा,'यह देखकर काफी अजीब लगता है, बहुत सारे ऑस्ट्रेलियाई लोगों ने लॉयन के लिये किये गये मेरे ट्वीट को नकारात्मक तरीके से लिया है। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के हिसाब से मेरा मतलब उन पर अटैक करना था न कि इन इंग्लिश बल्लेबाजों की तरह खेलना। पर कोई मुझे यह बताये कि अगर किसी के पास 400 विकेट हो गये हैं तो क्या आप उसके खिलाफ आक्रामक रुख अपनाने की बात नहीं कर सकते। अजीब है।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications