नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही द्विपक्षीय श्रृंखला में जहां सिडनी के मैदान पर एक तरफ विराट सेना टी20 मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम का सामना कर रहे हैं, तो वहीं पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की तैयारी के लिये ऑस्ट्रेलिया ए और इंडिया ए के बीच अभ्यास मैच भी खेला जा रहा है। इस अभ्यास मैच की कप्तानी अजिंक्य रहाणे कर रहे हैं जिन्हें बॉर्डर-गावस्कर सीरीज में विराट कोहली की गैर मौजूदगी में टीम की कमान संभालनी है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया की ए टीमों के बीच खेले जा रहे इस मुकाबले में कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, हालांकि उनका यह फैसला सही साबित नहीं हुआ और भारतीय टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ और शुबमन गिल बिना खाता खोले वापस पवेलियन लौट गये। वहीं चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आये हनुमा विहारी भी 15 रन बनाकर वापस पवेलियन लौटे।
और पढ़ें: AUS vs IND: क्या ऑस्ट्रेलिया तोड़ पायेगी टी20 में कोहली का विजय रथ, नाम है बहुत खास रिकॉर्ड
हालांकि इसके बाद भारतीय टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे और मॉर्डन डे क्रिकेट में द वॉल कहे जाने वाले चेतेश्वर पुजारा ने शानदार साझेदारी की और भारतीय टीम की डूबती नैया को बचाया। चेतेश्वर पुजारा ने जहां अपने फर्स्ट क्लास करियर का 61वां अर्धशतक लगाते हुए 54 रनों की पारी खेली तो वहीं कप्तान अजिंक्य रहाणे ने फर्स्ट क्लास करियर का 34वां शतक लगाया।
और पढ़ें: 2nd T20, AUS vs IND: सिडनी में चहल ने की बुमराह के रिकॉर्ड की बराबरी, देखें आंकड़े
इतना ही नहीं अजिंक्य रहाणे ने इस मैच में बतौर कप्तान अपना पहला शतक लगाया और पहले दिन का खेल खत्म होने तक नाबाद 108 रन बनाकर टिके हुए हैं। वहीं भारतीय टीम के लिये इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा कोई और बल्लेबाज कुछ खास काम नहीं कर सका और दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम 8 विकेट के नुकसान पर 237 रन बना चुकी है।
ऑस्ट्रेलिया के लिये जेम्स पैटिंनसन सबसे कामयाब गेंदबाज साबित हुए जिन्होंने 3 विकेट हासिल किये तो वहीं पर मिशेल नेसेर और ट्रैविस हेड ने 2-2 विकेट चटकाने का काम किया।