नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मंगलवार को समाप्त हुई सीमित ओवर्स प्रारूप की सीरीज में जहां कंगारू टीम ने वनडे सीरीज में भारत को 2-1 से हराने का काम किया तो वहीं भारतीय टीम ने भी टी20 सीरीज में 2-1 से जीत हासिल की। इस दौरान भारतीय टीम के लिये हार्दिक पांड्या ने एक फिनिशर की भूमिका निभाई और कई अहम पारियां खेलकर टीम को सीरीज जिताने का काम किया। सीरीज में उनके शानदार प्रदर्शन को लेकर खेल जगत के कई दिग्गज खिलाड़ियों ने उनकी जमकर तारीफ की और उन्हें धोनी के बाद टीम में फिनिशर की भूमिका निभाने वाला खिलाड़ी बताया।
वहीं भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि भारतीय टीम को ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है जो परिस्थिति के हिसाब से अपने रोल को बदल सकें। आकाश चोपड़ा का मानना है कि अकेले हार्दिक पांड्या के दम पर आप हर मैच नहीं जीत सकते, आपको और खिलाड़ियों के सहयोग की भी जरूरत होती है।
और पढ़ें: AUS vs IND: टेस्ट सीरीज में नहीं खेलेंगे हार्दिक पांड्या, विराट ने कहा- हमें उनकी गेंदबाजी की जरूरत
क्रिकबज से बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा,' अगर आप वाइट बॉल क्रिकेट में भारत के सबसे सुनहरे युग पर नजर डालते हैं तो महेंद्र सिंह धोनी के साथ युवराज सिंह भी नजर आते हैं। दुनिया में धोनी से बेहतर दूसरा कोई बेस्ट फिनिशर नहीं हो सकता लेकिन उन्हें भी युवराज की जरूरत पड़ी। आप बिना फिनिशर के मैच खत्म नहीं कर सकते, आपके पास फिलहाल वो सिर्फ हार्दिक पांड्या हैं जिनका रोल और जिम्मेदारियां बदल चुकी हैं।'
आकाश चोपड़ा ने मुंबई इंडियंस में कायरन पोलार्ड का उदाहरण देते हुए बताया कि पांड्या आईपीएल में भी यही काम करते हैं लेकिन वहां पर पोलार्ड उनका साथ देते हैं।
और पढ़ें: IPL से अब तक 137 करोड़ कमा चुके हैं एमएस धोनी, जानें कोहली-रोहित को मिला कितना पैसा
उन्होंने कहा,' जब आपकी टीम 5-6 बल्लेबाज होते हैं तो हर बल्लेबाज की एक अलग जिम्मेदारी होती है। जहां तक कोहली की बात है तो उन पारी को संभालने और उसे संवारने का रोल सूट करता है। दुनिया भर में कोई दूसरा खिलाड़ी इस जिम्मेदारी को उनसे बेहतर नहीं निभा सकता। टीम में किसी और खिलाड़ी को फिनिशर की अतिरिक्त जिम्मेदारी निभानी होगी जो परिस्थिति के हिसाब से अपने रोल को बदल सके।'